UP Breaking News Live: अपराध से सत्ता के गलियारों तक, यूपी की हर खबर जो आपके लिए जानना बेहद जरूरी, देखें लाइव अपडेट्स

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपलब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेशवासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहा है। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी-बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढ़ें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 9 September 2026 , 7:09 PM
google-preferred

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 9 सितंबर 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।

प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।

डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।

9 सितंबर 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 09 Sep 2026 07:09 PM (IST)

      Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में दर्दनाक हादसा, रोडवेज बस की टक्कर से मासूम समेत 5 की मौत

      मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में बुधवार शाम रोडवेज बस की टक्कर से हुए भीषण हादसे में 3 वर्षीय बच्ची समेत पांच लोगों की मौत हो गई। भैसाना गांव के पास तेज रफ्तार बस ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

    • 09 Sep 2026 07:05 PM (IST)

      Maharajganj News: महराजगंज में सड़क निर्माण पर उठे सवाल, सफेद बालू इस्तेमाल का वीडियो वायरल

      महराजगंज के लक्ष्मीपुर ब्लॉक क्षेत्र में चानकी पुल-गुलहरिया मार्ग निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सड़क निर्माण में कथित तौर पर सफेद बालू के इस्तेमाल का वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने सामग्री की तकनीकी जांच कराकर मानकों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की मांग की है।

    • 09 Sep 2026 06:42 PM (IST)

      Deoria News: देवरिया में बिजली समस्याओं को लेकर भाकियू का मोर्चा, 25 सितंबर को किसान पंचायत

      देवरिया में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने आंदोलन का ऐलान किया है। भाकियू ने शिधुआ में 33/11 केवीए उपकेंद्र निर्माण, जर्जर तार बदलने और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है। संगठन 25 सितंबर को अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर किसान पंचायत करेगा। इसको लेकर बुधवार को अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।

    • 09 Sep 2026 06:40 PM (IST)

      Deoria News: सीएमओ ने अनुपस्थित सीएचओ का एक दिन का वेतन रोका

      देवरिया जिले में बुधवार को आयोजित 428 वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सत्रों का सीएमओ डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टीकाकरण सत्रों पर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, टीकाकरण की स्थिति और आवश्यक लॉजिस्टिक की उपलब्धता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले एक सीएचओ का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

    • 09 Sep 2026 06:40 PM (IST)

      Fatehpur News: जिला अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप, भाजपा नेता ने DM से जांच की मांग की

      फतेहपुर जिला राजकीय चिकित्सालय में इलाज को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मरीज के परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है। भाजपा नेता संतोष सिंह राजू ने जिलाधिकारी को शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने अस्पताल में दलालों की सक्रियता का भी आरोप लगाया है।

    • 09 Sep 2026 06:38 PM (IST)

      Hathras News: हाथरस की कपड़ा दुकान में घुसा विषखोपड़ा, कपड़ों के बीच छिपने से मचा हड़कंप

      हाथरस के रामलीला मैदान क्षेत्र में बुधवार शाम कपड़ों की दुकान में विषखोपड़ा घुसने से अफरा-तफरी मच गई। मुरसान गेट निवासी प्रशांत की दुकान में घुसा विषखोपड़ा कपड़ों के बीच छिप गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद दुकानदार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।

    • 09 Sep 2026 06:37 PM (IST)

      Deoria News: देवरिया में लापरवाह CHO पर होगी कार्रवाई, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर डीएम सख्त

      देवरिया में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम मधुसूदन हुल्गी ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) के खिलाफ निष्कासन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने, स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति और योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

    • 09 Sep 2026 06:36 PM (IST)

      Deoria News: देवरिया में 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध हालत में मौत, दोस्तों संग घूमने गया था विकास

      देवरिया के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर विकास विश्वकर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक विकास दोस्तों के साथ घूमने गया था और घर लौटने के बाद अचेत हो गया। सीएचसी से मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मचा है।

    • 09 Sep 2026 06:34 PM (IST)

      Mirzapur News: मिर्जापुर मंडल में MPLADS कार्यों की समीक्षा, एक साल में काम पूरा करने के निर्देश

      मिर्जापुर में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) के कार्यों की मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत कार्यों को निर्धारित एक वर्ष की समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। अधूरे कार्यों पर नाराजगी जताते हुए 15 अक्टूबर 2026 तक पुराने लंबित कार्य पूरे करने को कहा। बैठक में मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही के अधिकारी मौजूद रहे।

    • 09 Sep 2026 06:32 PM (IST)

      Bareilly News: बरेली की केसर चीनी मिल 431 करोड़ में बिकी, किसानों को बकाया भुगतान की उम्मीद

      बरेली के बहेड़ी स्थित केसर चीनी मिल को सहारनपुर की अवध फूड्स ने 431 करोड़ रुपये में खरीद लिया है। मिल प्रबंधन के अनुसार बिक्री से मिले धन से किसानों का करीब 164 करोड़ रुपये का बकाया गन्ना भुगतान किया जाएगा। करीब 90 साल पुरानी इस मिल की बिक्री के बाद हजारों किसानों को राहत की उम्मीद जगी है।

    • 09 Sep 2026 05:41 PM (IST)

      Mainpuri News: मैनपुरी में गैंगस्टर पर बड़ी कार्रवाई, ढोल-नगाड़ों के साथ दो पेट्रोल पंप कुर्क

      मैनपुरी के कुरावली में गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने आरोपी अंकित यादव के दो पेट्रोल पंपों पर कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस ने मशीनरी, उपकरण और निर्माण समेत 15.33 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की। इस दौरान ढोल-बाजों के साथ मुनादी कर लोगों को कार्रवाई की जानकारी दी गई। पुलिस के मुताबिक संपत्ति अपराध से अर्जित की गई थी।

    • 09 Sep 2026 05:39 PM (IST)

      Mirzapur News: मिर्जापुर में दबंगों का आतंक, युवक को जंगल ले जाकर पीटा और बनाया वीडियो

      मिर्जापुर के हलिया थाना क्षेत्र में दबंगों ने युवक को रास्ते से रोककर जंगल में ले जाकर बेल्ट और डंडों से जमकर पीटा। आरोप है कि मारपीट का वीडियो बनाकर धमकी भी दी गई। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 5 नामजद समेत 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    • 09 Sep 2026 05:38 PM (IST)

      Gorakhpur News: खजनी के नवागत एसडीएम की पहल से वर्षों पुराना विवाद खत्म, पांचवीं पैमाइश पर दोनों पक्ष सहमत

      गोरखपुर: खजनी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा मथौली में वर्षों से चले आ रहे जमीनी विवाद का प्रशासन ने पांचवीं पैमाइश के बाद समाधान करा दिया। जमीन की सीमा को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से असंतोष बना हुआ था। पूर्व में चार बार जरीब से पैमाइश कराए जाने के बावजूद दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी थी। मामला खजनी तहसील के समाधान दिवस में पहुंचा, जहां एक पक्ष ने पूर्व की पैमाइश को लेकर असंतोष जताते हुए निष्पक्ष समाधान की मांग की।

    • 09 Sep 2026 05:35 PM (IST)

      Ballia News: साइबर ठगी के पीड़ितों के लिए राहत की खबर, MRM पोर्टल से वापस मिल सकेगा फंसा पैसा

      बलिया: साइबर ठगी का शिकार हुए लोगों को राहत दिलाने के लिए गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) की ओर से शुरू किए गए Money Restoration Module (MRM) के संबंध में पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने आमजन को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया है। उन्होंने बताया कि इस मॉड्यूल के माध्यम से जालसाजों के खातों में होल्ड या फ्रीज की गई धनराशि को पात्र पीड़ितों के मूल बैंक खातों में वापस कराने की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया गया है।

    • 09 Sep 2026 05:35 PM (IST)

      Maharajganj News: महराजगंज में पंचायत भवन बदहाल, गंदगी और जाम नालियों से ग्रामीण परेशान

      महराजगंज के धानी ब्लॉक की रिठिया पड़री ग्राम सभा में सफाई व्यवस्था बदहाल होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। पंचायत भवन के आसपास कूड़े का ढेर लगा है और नालियां जाम हैं। लंबे समय से रंगाई-पुताई नहीं होने से भवन जर्जर नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से सफाई, मरम्मत और रंगाई-पुताई कराने की मांग की है।

    • 09 Sep 2026 05:33 PM (IST)

      Deoria News: देवरिया गोआश्रय केंद्र में 3 दिन में 13 गोवंशों की मौत, लापरवाही के आरोप में जांच शुरू

      देवरिया के भागलपुर क्षेत्र के कुंडौली गोआश्रय केंद्र में तीन दिनों के भीतर 13 गौवंशीय बछड़ों की मौत से हड़कंप मच गया। आरोप है कि केयरटेकर के अनुपस्थित रहने से पशुओं को समय पर चारा-पानी नहीं मिला। मामले में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। अधिकारियों ने केंद्र पर व्यवस्थाएं सुधारने और जिम्मेदारी तय करने की बात कही है।

    • 09 Sep 2026 05:16 PM (IST)

      Sitapur News: फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर 17 वर्षीय युवक की मौत, भाई की आंखों के सामने उजड़ा परिवार

      लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में हरेनी रेलवे स्टेशन के पास फरक्का एक्सप्रेस से गिरकर 17 वर्षीय युवक अंकुल की मौत हो गई। सीतापुर निवासी अंकुल भाई के साथ दिल्ली से घर लौट रहा था। टॉयलेट जाने के बाद वह वापस नहीं लौटा। तलाश करने पर रेलवे ट्रैक किनारे उसका शव मिला। जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

    • 09 Sep 2026 05:15 PM (IST)

      Mirzapur News: मिर्जापुर में जाम का कहर, एंबुलेंस में तड़पता रहा मरीज; ठप रही यातायात व्यवस्था

      मिर्जापुर नगर में बुधवार को भीषण जाम के कारण मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कचहरी से सिविल लाइन अस्पताल तक लगे लंबे जाम में एंबुलेंस फंस गईं और मरीज कराहते नजर आए। सुबह से दोपहर तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह रेंगती रही। स्थानीय लोगों ने रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की है।

    • 09 Sep 2026 05:14 PM (IST)

      Hathras News: कोड़रा में दो दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

      हाथरस: मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत बुधवार को विकासखंड हसायन की ग्राम पंचायत अंडोली के गांव कोड़रा में दो दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम प्रधान राजवीर सिंह, पूर्व प्रभारी जे.सी. शर्मा एवं विशन सिंह ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

    • 09 Sep 2026 05:13 PM (IST)

      Mathura News: मथुरा जंक्शन पर हादसा टला, प्रतीक्षालय की छत का प्लास्टर गिरने से बच्चा घायल

      मथुरा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित यात्री प्रतीक्षालय में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर एक बच्चा घायल हो गया। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए भवनों की सुरक्षा जांच की मांग की।

    • 09 Sep 2026 05:12 PM (IST)

      Hathras News: घर के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे पिता-पुत्री और बेटे पर हमला

      हाथरस: सासनी कोतवाली क्षेत्र के गांव सठिया में मंगलवार शाम घर के सदस्यों के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे सुरेश, उनकी बेटी शिवानी और बेटे विवेक के साथ भी मारपीट कर दी गई। हमले में तीनों घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

    • 09 Sep 2026 05:11 PM (IST)

      Mirzapur News: मिर्जापुर में सड़क मुद्दे पर सियासत तेज, सपा ने FIR को लेकर प्रशासन पर साधा निशाना

      मिर्जापुर में चेरुई राम कंपोजिट विद्यालय की जर्जर सड़क को लेकर सियासत गरमा गई है। सपा जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने प्रेस वार्ता कर धरना देने वाले कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे का विरोध किया। उन्होंने प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकार दबाने का आरोप लगाते हुए सड़क मरम्मत और निष्पक्ष जांच की मांग की।

    • 09 Sep 2026 05:10 PM (IST)

      Sultanpur News: VB-G RAM G योजना को मिली रफ्तार, सुलतानपुर को 34 करोड़ से अधिक की श्रमांश राशि

      सुल्तानपुर: ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और विकास कार्यों को नई रफ्तार देने के लिए शासन ने VB-G RAM G योजना के तहत सुलतानपुर जनपद को 34 करोड़ रुपये से अधिक की श्रमांश राशि आवंटित की है। एडवांस बजट उपलब्ध होने से योजना के तहत कार्य करने वाले श्रमिकों के भुगतान में तेजी आएगी। साथ ही ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन में भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

    • 09 Sep 2026 05:09 PM (IST)

      Raebareli News: राहुल गांधी ने उठाया खराब सड़कों का मुद्दा, अधिकारियों से मांगा जवाब

      रायबरेली में दिशा बैठक के दौरान सांसद राहुल गांधी ने जिले की जर्जर सड़कों को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने गड्ढों से भरी सड़कों की तस्वीरें दिखाकर जिलाधिकारी से जवाब मांगा और जल्द सुधार के निर्देश दिए। राहुल गांधी ने कहा कि जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

    • 09 Sep 2026 05:07 PM (IST)

      Hamirpur News: हमीरपुर में दबंगों का कहर, अधेड़ को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

      हमीरपुर के राठ कोतवाली क्षेत्र में दबंगों ने अधेड़ को अगवा कर जमकर मारपीट की। आरोप है कि 2 नामजद समेत 6 लोगों ने बाइक से ले जाकर 3 किमी दूर बंधक बनाया, जबरन शराब पिलाई और पेट्रोल डालकर प्रताड़ित किया। घायल हालत में पीड़ित किसी तरह बचकर कोतवाली पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।

    • 09 Sep 2026 04:08 PM (IST)

      Varanasi News: सीएम योगी ने किया 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ

      हाथरस: 9 सितंबर 2026। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण हाथरस के विकास भवन सभागार में किया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
      कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अपनी-अपनी परियोजना में सर्वाधिक फॉर्म भरवाने वाली प्रत्येक परियोजना की एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकत्री को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सर्वाधिक फॉर्म भरवाने पर बाल विकास परियोजना अधिकारी हाथरस ग्रामीण श्रीमती सोनी कुमारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सिकंदराराऊ श्रीमती कल्पना दुबे को भी सम्मानित किया गया।

    • 09 Sep 2026 03:37 PM (IST)

      Raebareli News: जमीन अपने नाम न कराने पर पत्नी और बेटों ने की पति की पीट-पीटकर हत्या

      रायबरेली के खीरों थाना क्षेत्र के कान्हामऊ गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पैतृक जमीन बेचने की तैयारी कर रहे 54 वर्षीय आशाराम पाल की पत्नी और बेटों पर पीट-पीटकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है।

      रिपोर्ट के अनुसार, मृतक अपनी जमीन बेचना चाहते थे, जबकि पत्नी और बेटे जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहे थे। इसी विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

    • 09 Sep 2026 03:34 PM (IST)

      Mirzapur News: मानदेय बढ़ने की घोषणा से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर

      मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी व कैशलेस इलाज उपलब्ध कराए जाने की गई घोषणा से जिले की आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं में खुशी की लहर है। कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री की घोषणा को अपने सम्मान और उत्साह को बढ़ाने वाला कदम बताया है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से उनकी मेहनत और जिम्मेदारियों को महत्व दिया जाना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का यहां बरकछा स्थित बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के सभागार में लाइव प्रसारण किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं मौजूद रहीं।

    • 09 Sep 2026 03:05 PM (IST)

      Raebareli News: सांसद राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा समाप्त

      रायबरेली में सांसद राहुल गांधी का दो दिवसीय दौरा दिशा की बैठक के बाद संपन्न हो गया। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सामने कोई बयान नहीं दिया। वे भुएमऊ सांसद आवास से सुबह कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचे और लगभग दो घंटे तक चली बैठक में संसदीय क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की।

      इस महत्वपूर्ण बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, अमेठी सांसद केएल शर्मा, सपा विधायक श्याम सुंदर भारती, राहुल लोधी और भाजपा विधायक राकेश कुमार कोरी सहित जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, एसपी रवि कुमार और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    • 09 Sep 2026 03:03 PM (IST)

      Kaushambi News: डीएचएस की बैठक में डीएम अमित पाल शर्मा ने कसे पेंच

      कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में बुधवार को उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, मातृ-नवजात मृत्यु, टीकाकरण, एंबुलेंस सेवा और आयुष्मान भारत योजना समेत विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

      जिलाधिकारी ने चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी और सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देश दिए कि डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित समय पर अस्पतालों में उपस्थित रहें। मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न हो। उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

      Image

    • 09 Sep 2026 03:01 PM (IST)

      Mainpuri News: दन्नाहार क्षेत्र में मुन्ना भैंसा चोरी मामले में नया मोड़

      मैनपुरी। दन्नाहार थाना क्षेत्र के ग्राम दिवरौली में मुन्ना भैंसा चोरी और बेचने के आरोपों को लेकर चल रहे मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। ग्राम प्रधान पति कृष्णकांत ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे राजनीतिक षड्यंत्र करार दिया है।

      बताया गया था कि ग्राम प्रधान पति कृष्णकांत और उनके कुछ साथियों पर मुन्ना नामक भैंसे को बेचने का आरोप लगाया गया था। मामले में शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।

      Image

    • 09 Sep 2026 02:59 PM (IST)

      Kanpur News: नगर निगम में टेंडर घोटाला, फिक्सिंग और कमीशनखोरी के आरोप

      कानपुर नगर निगम में टेंडर घोटाले की प्रक्रिया को लेकर सामने आया विवाद अब जांच के घेरे में पहुंच गया है. आरोप है कि नगर निगम के भीतर पिछले कुछ वर्षों से टेंडर फिक्सिंग और कमीशनखोरी का खेल चल रहा था. इस पूरे मामले में एक ठेकेदार सिंडिकेट की भूमिका सामने आई है.

      आरोपों के मुताबिक गोविंद शर्मा को इस कथित नेटवर्क का प्रमुख मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. टेंडर प्रक्रिया के दौरान दूसरे ठेकेदारों पर दबाव बनाकर उन्हें तय शर्तों के मुताबिक बोली लगाने के लिए मजबूर करने का आरोप है, इसके बाद समान दरों पर टेंडर खुलवाकर लॉटरी की प्रक्रिया के जरिए पसंदीदा व चहेते ठेकेदारों व फर्मों को काम दिलाने का खेल किए जाने की बात सामने आई है.

    • 09 Sep 2026 02:55 PM (IST)

      Hathras News: छेड़छाड़ के आरोप में दो पक्षों में खूनी संघर्ष

      सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। एक महिला ने घर में घुसकर छह युवकों पर छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया। परिजनों द्वारा विरोध करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले।

      मारपीट के दौरान युवकों द्वारा खुलेआम हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसके चलते एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

    • 09 Sep 2026 01:12 PM (IST)

      Pratapgarh News: आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर चलाया जा रहा विशेष अभियान

      विगत दिनों पड़ोसी जनपद कौशांबी के मनौरी में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और उसमें हुई 14 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे मंडल में प्रशासन बेहद सख्त हो गया है। सीमावर्ती जिलों में अवैध पटाखा निर्माण और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस का सघन चेकिंग अभियान जारी है। इसी मुस्तैदी के चलते जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अमले को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

      क्षेत्राधिकारी (CO) सदर मनोज कुमार सिंह रघुवंशी और उपजिलाधिकारी (SDM) कुंडा के नेतृत्व में महेशगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर माघी चैनगढ़ स्थित पूर्व पटाखा फैक्ट्री में छापेमारी कर अवैध रूप से रखे व निर्मित किए जा रहे पटाखों के साथ मो. हमजा (28) को गिरफ्तार किया।
      छापेमारी के दौरान मौके से 2650 मिर्ची पटाखे समेत भारी मात्रा में अर्द्धनिर्मित पटाखे, तराजू, लोहे की चलनी और पांच तसले बरामद हुए।

      Image

    • 09 Sep 2026 12:55 PM (IST)

      Sultanpur News: पत्नी को लेने पहुंचे पति ने बुलाए लोग, घर में घुसकर परिवार पर हमला

      थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र में पत्नी ताजमीन को घर ले जाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि गुफरान निवासी रहमतपुर खखरेरू अपनी पत्नी को मायके छोड़ने के बाद वापस अल्लीपुर भादर चला गया और फोन कर उसे घर लौटने के लिए कहने लगा। पत्नी के मना करने पर कथित रूप से उसने अपने गांव रहमतपुर खखरेरू से एक बोलेरो कार में करीब 7 लोगों को बुलाया।

    • 09 Sep 2026 12:51 PM (IST)

      Deoria News: राजस्व वादों के निस्तारण में लापरवाही पर पांच तहसीलदार निलंबित

      देवरिया। उत्तर प्रदेश में जमीन और राजस्व से जुड़े वादों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राजस्व परिषद ने प्रदेश के पांच तहसीलदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

      Image

    • 09 Sep 2026 12:49 PM (IST)

      Mirzapur News: वरिष्ठ पत्रकार साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा का नया काव्य संग्रह 'यात्रा में हैं शब्द' प्रकाशित

      मिर्जापुर। जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार भोलानाथ कुशवाहा का नया काव्य संग्रह 'यात्रा में हैं शब्द' प्रकाशित हो गया है। इसमें कविता समेत पद्य कीअन्य कई विधाओं की रचनायें शामिल हैं। इसे हिन्दी श्री पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है। सात जुलाई 1950 को जनपद के राजपुर ग्राम में जन्में श्री कुशवाहा की अब तक कुल 13 साहित्यिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनको उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान का मोहन राकेश सर्जना पुरस्कार समेत अन्य कई पुरस्कार मिलते रहे हैं।

      Image

    • 09 Sep 2026 12:48 PM (IST)

      Raebareli News: दिशा की बैठक में हरचंदपुर विधायक ने उठाए क्षेत्र के मुद्दे

      रायबरेली। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी प्लेकार्ड और पोस्टर लेकर पहुंचे। उनके साथ बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती भी मौजूद रहे। बैठक में विधायकों ने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। राहुल लोधी ने हरचंदपुर क्षेत्र में सरकारी स्कूलों के बंद होने और जिला पंचायत की खराब सड़कों का मुद्दा उठाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने विकास कार्यों को लेकर प्रदेश सरकार के मंत्रियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। विधायकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति में सुधार की जरूरत है। बैठक में जनहित से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

    • 09 Sep 2026 12:41 PM (IST)

      Raebareli News: राहुल गांधी ने की कार्यकर्ताओं से मुलाकात

      रायबरेली। सांसद राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली में है। दूसरे दिन आज उन्होंने सुबह सांसद गेस्ट हाउस पर कार्यकर्ताओं व डेलिगेशन के साथ मुलाकात की इसके बाद राहुल गांधी 11:30 बजे दिशा की मीटिंग में भाग लेने के लिए कलक्ट्रेट सभागार पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न योजनाओं व परियोजनाओं को लेकर अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा करेंगे।

      Image

    • 09 Sep 2026 10:40 AM (IST)

      Maharajganj News: क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी रामजनम वर्मा का हार्ट अटैक से निधन

      महराजगंज: जनपद में क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी के पद पर तैनात रामजनम वर्मा का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। अचानक हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान करीब शाम चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। अधिकारी के अचानक निधन की खबर से खाद्य एवं विपणन विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।

      जानकारी के अनुसार मंगलवार को रामजनम वर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ी और उन्हें हार्ट अटैक आया। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया। चंदन हॉस्पिटल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो सका। मंगलवार शाम करीब चार बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

      Image

    • 09 Sep 2026 10:37 AM (IST)

      Mainpuri News: वंश कश्यप मौत मामले में नया मोड़

      मैनपुरी। चर्चित वंश कश्यप मौत मामले में नौ महीने बाद नया मोड़ सामने आया है। एक ओर जहां मृतक छात्र के माता-पिता अपने बेटे को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट स्थित तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठे हैं, वहीं दूसरी ओर सुदिति ग्लोबल एकेडमी प्रशासन की ओर से पहली बार खुलकर अपना पक्ष सामने रखा गया है।

      विद्यालय की प्रिंसिपल कुसुम मोहन ने प्रेस वार्ता कर अपने पति डॉ. राममोहन और बेटे लव मोहन पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि वंश कश्यप की मौत एक हादसा थी और उनके परिवार को इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है।

    • 09 Sep 2026 10:36 AM (IST)

      Chandauli News: 3.92 करोड़ का अवैध विदेशी सोना बरामद

      चंदौली पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम ने नवही पुलिया हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक बड़ी कार्रवाई करते हुए KIA Carens कार के गियर बॉक्स के नीचे बने विशेष गुप्त खाने से लगभग 3 करोड़ 92 लाख रुपये मूल्य का सोना बरामद किया। बिहार से दिल्ली ले जाया जा रहा यह सोना 2 किलो 565.720 ग्राम था, जिसे सेलो टेप और कपड़े के बेल्ट में लपेटकर छिपाया गया था।

      पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों जुबेर मुबारक शेख और मनीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सोना विदेश में निर्मित होने की बात सामने आई है। वैध दस्तावेज न मिलने पर बरामद सोने को नियमानुसार राजस्व आसूचना विभाग (DRI) को सौंप दिया गया है, साथ ही आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है।

    • 09 Sep 2026 10:34 AM (IST)

      Mirzapur News: भौजाई से प्रेम-प्रसंग के चलते शादीशुदा देवर ने की आत्महत्या

      मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के रैपुरिया गांव में एक शादीशुदा देवर और भौजाई के कथित प्रेम-प्रसंग के चलते रिश्तों में खटास आने और तनाव के बाद देवर द्वारा खौफनाक कदम उठाए जाने का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले ही भौजाई के परिवार के साथ देवर की तीखी कहासुनी हुई थी, जिसके बाद विवाद काफी बढ़ गया था।

      बीती रात इसी विवाद और कथित प्रेम-प्रसंग की चर्चा के बीच देवर ने आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची, लेकिन परिजनों ने पुलिस पर मामले में कार्रवाई करने के बजाय इसे दबाने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है।

      Image

    • 09 Sep 2026 10:30 AM (IST)

      Kaushambi News: पेट्रोल पंप पर युवक को दबंग ने मारे दे दनादन थप्पड़

      कौशांबी। संदीपन घाट थाना इलाके के एक पेट्रोल पंप पर युवक को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया है। पीड़ित युवक को दो अज्ञात लोगों ने तेल भरवाने के बाद रोकर एक के बाद एक 12 थप्पड़ मारे। इसके बाद वह मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने थाना पुलिस में कार नंबर के आधार पर कानूनी कार्यवाही की मांग की है।

    • 09 Sep 2026 10:29 AM (IST)

      Gorakhpur News: गोरखपुर-देवरिया में 24 लघु सेतुओं को मंजूरी

      गोरखपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और जलनिकासी की समस्या दूर करने के लिए शासन ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य योजना (ग्रामीण) के तहत गोरखपुर और देवरिया जिले में 24 लघु सेतुओं के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 29 करोड़ 77 लाख 53 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए शासन ने पहली किस्त के रूप में 5 करोड़ 95 लाख 54 हजार रुपये अवमुक्त कर दिए हैं।

    • 09 Sep 2026 10:28 AM (IST)

      Raebareli News: सर्राफा व्यवसायी के परिवार से मिले राहुल गांधी

      रायबरेली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कल देर शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे। उनके रायबरेली पहुंचने पर शहर में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया।

      दौरे के दौरान राहुल गांधी शहर के प्रभु टाउन स्थित एक सर्राफा व्यवसायी के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार से मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने सर्राफा कारोबार का भी हाल-चाल लिया और व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं एवं परिस्थितियों की जानकारी ली।

      Image

    • 09 Sep 2026 10:22 AM (IST)

      Deoria News: विद्यालयों के औचक निरीक्षण में दो शिक्षामित्र अनुपस्थित

      देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को बरहज तहसील क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय बिजौली तिवारी में दो शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। जिलाधिकारी ने दोनों का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए।

      Image

Location :  Lucknow

Published :  9 September 2026, 10:19 AM IST

Related News

Advertisement