हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
सुलतानपुर में करोड़ों की जमीन के कथित गलत नामांतरण और अगले दिन बैनामा कराने के मामले में सीजेएम कोर्ट में अर्जी दाखिल हुई है। नायब तहसीलदार रूबी यादव, उपनिबंधक आदित्य प्रताप जायसवाल समेत नौ लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। अगली सुनवाई 25 सितंबर को होगी।
सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज में नवजात की मौत के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने पूछा कि नए मेडिकल कॉलेजों में प्रसव के दौरान आपात स्थिति से निपटने के लिए वेंटिलेटर, ऑक्सीजनयुक्त बेड और विशेषज्ञ चिकित्सक क्यों उपलब्ध नहीं हैं।
देवरिया के रुद्रपुर स्थित सुनीता इंडियन गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ जुट रही है। आरोप है कि बुकिंग के करीब 15 दिन बाद भी गैस नहीं मिल रही। उपभोक्ता सिलेंडर लेकर एजेंसी पहुंच रहे हैं। एजेंसी की ओर से गाड़ी नहीं आने के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की बात कही जा रही है।
बलिया में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की जिला इकाई की बैठक हुई। संगठन मजबूत करने और पत्रकार सदस्यों की समस्याओं के समाधान पर मंथन किया गया। जिलाध्यक्ष ने सदस्यों से समस्याएं लिखित रूप में देने को कहा। प्राप्त मामलों पर संबंधित स्तर से शीघ्र कार्रवाई कर समाधान कराने का भरोसा दिया गया।
बलिया में प्रभारी जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी के समय से कार्यालय नहीं पहुंचने की शिकायतें सामने आई हैं। गाजीपुर का भी प्रभार होने से बलिया में सोमवार, मंगलवार और बुधवार उपस्थिति निर्धारित है। आरोप है कि समय पर अधिकारी के नहीं पहुंचने से दिव्यांग फरियादी घंटों इंतजार करते हैं और बिना सुनवाई लौटने को मजबूर हैं।
रायबरेली के लालगंज क्षेत्र के बहरामपुर गांव से 31 अगस्त को लापता 20 वर्षीय दिव्या प्रजापति का शव आज पास की नदी से बरामद हुआ। परिजनों ने काफी तलाश के बाद पुलिस को सूचना दी थी। शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
रायबरेली के लालगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पारिवारिक कलह के चलते युवक ने ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर हादसा टाला। घायल अजय सरोज को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
रायबरेली के बछरावां स्थित पंडित दीनदयाल राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय शेषपुर समोधा में बिजली न आने से बच्चों ने सड़क जाम कर दिया। सैकड़ों छात्र किताबें छोड़कर सड़क पर उतरे और बाबू बृजेश प्रजापति पर गंभीर आरोप लगाए। बच्चे डीएम से मिलने की मांग करते रहे। सूचना पर सीओ प्रदीप कुमार, एसडीएम और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
महराजगंज के धानी ब्लॉक में बृजमनगंज मुख्य मार्ग पर करखी गांव के पास कई बिजली के खंभे खतरनाक तरीके से झुक गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से पोल इसी हालत में हैं, लेकिन बिजली विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों में हादसे का डर बना हुआ है।
मिर्जापुर के कोतवाली कटरा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो शातिर स्नैचरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जान्हवी तिराहे पर रोकने पर दोनों बाइक सवार भागने लगे। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। दोनों भदोही और सोनभद्र के बताए गए हैं।
चंदौली में सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने किसानों के मुआवजे को लेकर बीजेपी और सीएम योगी पर हमला बोला। करीब एक हजार कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे सांसद ने मुख्यमंत्री के नाम पत्रक प्रशासन को सौंपा। उन्होंने विंध्य परियोजना प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा, जलमग्न फसलों के लिए पैकेज और बंद विद्यालयों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। आगामी चुनाव में सपा की सरकार बनने का दावा भी किया।
हमीरपुर के सदर बस स्टैंड रोड पर प्राइवेट बस संचालकों की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में टिकट लेने के बावजूद सीट न मिलने पर विवाद के बाद कुछ लोग सवारी से मारपीट करते दिख रहे हैं। आरोप है कि लोहे की रॉड से भी हमला किया गया। घटना का वीडियो राहगीर ने बनाया।
मुजफ्फरनगर में 17 सितंबर को प्रस्तावित भगवान विश्वकर्मा शोभायात्रा की अनुमति को लेकर समाज के दो गुट आमने-सामने हैं। जगदीश पांचाल पक्ष ने अपने नाम से अनुमति मांगी और मुकेश धीमान पक्ष पर अवैध वसूली के आरोप लगाए। वहीं धीमान पक्ष ने परंपरागत विश्वकर्मा चौक समिति के नाम से अनुमति जारी करने की मांग की है।
Location : Lucknow
Published : 10 September 2026, 10:14 AM IST