यूपी में मानसून का तांडव: कई शहरों में मलबे में तब्दील हुए आशियाने, एक ही झटके में उजड़ गए हंसते-खेलते परिवार

यूपी में मानसून की मूसलाधार बारिश ने मचाई भारी तबाही! मकान और दीवारें ढहने से प्रदेश भर में 16 लोगों की दर्दनाक मौत, प्रतापगढ़ में एक ही परिवार के 6 चिराग बुझे। मौसम विभाग ने जारी किया नया अलर्ट। जानिए पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 7 August 2026, 11:37 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में पूरब से लेकर पश्चिम तक मानसूनी बादलों ने जहां भीषण गर्मी और उमस से तड़प रहे लोगों को तापमान गिराकर ठंडक का अहसास कराया, वहीं दूसरी ओर कई परिवारों पर यह बारिश ऐसा काल बनकर टूटी कि उनकी दुनिया ही उजड़ गई।

गुरुवार को प्रदेश भर में लगातार हुई मूसलाधार बारिश के चलते कई स्थानों पर कच्चे मकान, निर्माणाधीन लिंटर और दीवारें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। हादसों के इस दौर में अब तक 16 लोगों की अकाल मौत हो चुकी है।

प्रतापगढ़ में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, मलबे में दफन हुईं 6 जिंदगियां

बारिश का सबसे खौफनाक और दिल दहला देने वाला मंजर प्रतापगढ़ के माधोगंज महुली गांव में देखने को मिला। यहाँ बुधवार देर रात लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया।

अगर समय पर मिल जाता प्रधानमंत्री आवास, तो शायद बच जाती 6 जिंदगियां! प्रतापगढ़ हादसे पर उठे सवाल

जब तक आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ते, तब तक प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता (55), बेटा नितिन (25), बहु माधुरी (23) और उनके दो मासूम बच्चे आद्विविक (6 माह) व माधव (2 वर्ष) मलबे में दब चुके थे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।

बाराबंकी, अमरोहा समेत कई जिलों में भी मासूम बने शिकार

कुदरत के इस कहर ने मासूम बच्चों को भी नहीं बख्शा। बाराबंकी के गुलचप्पा कला गांव में सड़क किनारे खेल रहे बच्चों पर अचानक जर्जर दीवार गिर गई, जिससे सगे भाई-बहन हुजैफा (7) और हाजरा बानो (11) की मौत हो गई।

उधर अमरोहा में निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिरने से दो साल के बच्चे समेत तीन लोगों की जान चली गई। इसके अलावा गाजीपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, लखनऊ और आजमगढ़ में भी मकान व दीवारें गिरने से दर्दनाक हादसे हुए।

इटावा में सबसे ज्यादा 126 मिमी वर्षा, तापमान में 6 डिग्री की भारी गिरावट

गुरुवार को इटावा में सबसे रिकॉर्ड तोड़ 126 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बहराइच (95 मिमी), मिर्जापुर (90 मिमी) और वाराणसी (85.6 मिमी) में भी जलप्रलय जैसा माहौल रहा। मूसलाधार बारिश से मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और प्रयागराज जैसे शहरों का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर गया, जिससे मौसम तो सुहाना हो गया लेकिन तबाही के जख्म गहरे छोड़ गया।

UP Weather Update: 10 अगस्त तक थमने नहीं वाली बारिश! जानिए आपके जिले में कैसा रहेगा आज का मौसम

मौसम विभाग की चेतावनी: अगले 3-4 दिन दक्षिणी जिलों में मंडराया खतरा

मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून की सक्रियता अगले 3 से 4 दिनों तक बनी रहेगी। विशेष रूप से दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में शुक्रवार के लिए भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। प्रशासन ने लोगों को जर्जर मकानों और पुरानी दीवारों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की हिदायत दी है।

Location :  Lucknow

Published :  7 August 2026, 11:37 AM IST

Related News

Advertisement