हिंदी
यूपी स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले (Source: Pinterest )
Lucknow: उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में सोमवार देर रात बड़े स्तर पर तबादले किए गए। शासन ने वाराणसी और संतकबीर नगर में नए मुख्य चिकित्साधिकारियों (CMO) की तैनाती की है। इसके साथ ही आठ चिकित्साधिकारियों को अलग-अलग अस्पतालों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव रवि रंजन की ओर से तबादले का आदेश जारी किया गया। प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के संयुक्त निदेशक ग्रेड के अधिकारी डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को वाराणसी का नया CMO बनाया गया है।
डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह इससे पहले मिर्जापुर मंडल के अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य में संयुक्त निदेशक के पद पर तैनात थे। अब उन्हें वाराणसी की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं लखनऊ के वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय में वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजय कुमार दोहरे को सिद्धार्थनगर का नया CMO नियुक्त किया गया है।
तबादला आदेश के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय वाराणसी के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. सत्य प्रकाश को CMS बनाया गया है। लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय रामनगर वाराणसी के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. प्रवीर रंजन को भी इसी अस्पताल में CMS की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा डॉ. मनोज कुमार अखौरी को जिला संयुक्त चिकित्सालय शामली, डॉ. अजय मोहन को श्रीराम चिकित्सालय अयोध्या और डॉ. शंभु दयाल को जिला महिला चिकित्सालय गोंडा का CMS बनाया गया है।
डॉ. प्रमोद कुमार दोहरे को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय उन्नाव, डॉ. अनिल कुमार शुक्ला को 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय हरदोई और डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव को लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय लखनऊ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्वास्थ्य विभाग के बाद अब पुलिस विभाग में भी बड़े बदलाव की चर्चा है। पीपीएस संवर्ग से आईपीएस में पदोन्नति पाने वाले 28 अधिकारी नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहे हैं। वहीं इस महीने कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों का सेवाकाल भी पूरा होने वाला है।
कांवड़ यात्रा के समापन और स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों के बाद पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले होने की संभावना जताई जा रही है। कई जिलों की कमान बदले जाने की भी चर्चा है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश को 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय मिले हैं। इनके संचालन के लिए प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक और कनिष्ठ सहायक के कुल 1810 नियमित पद सृजित किए गए हैं।
इनमें 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल शामिल हैं। 680 प्रवक्ता, 819 सहायक अध्यापक, 68 प्रधानाचार्य, 58 प्रधानाध्यापक और 185 कनिष्ठ सहायकों के पद बनाए गए हैं।
इन पदों को सीधी भर्ती और पदोन्नति के जरिए भरा जाएगा। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 से इन विद्यालयों में पढ़ाई शुरू करने की तैयारी है।
Location : Lucknow
Published : 11 August 2026, 11:22 AM IST
Topics : Health Department UP News uttar pradesh