हिंदी
पूर्व ADM इंद्रभूषण वर्मा का हुआ निधन (Img: Dynamite News)
Maharajganj: जल जीवन मिशन की योजना का निरीक्षण कर रहे महराजगंज के पूर्व अपर जिलाधिकारी (ADM) एवं उत्तर प्रदेश प्रशासनिक सेवा (PCS) के 1993 बैच के वरिष्ठ अधिकारी इंद्रभूषण वर्मा की गुरुवार को दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। सरकारी ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे ने पूरे प्रशासनिक महकमे को स्तब्ध कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही प्रदेशभर के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सेवानिवृत्ति के बाद इंद्रभूषण वर्मा अयोध्या में जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक (डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर) के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को वह रुदौली ब्लॉक के मुजफ्फरपुर जलालपुर गांव में निर्माणाधीन पेयजल योजना का निरीक्षण और वीडियोग्राफी कराने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान अचानक गांव में खड़ा एक पुराना गूलर का पेड़ बिजली के तारों पर गिर गया। पेड़ का दबाव इतना अधिक था कि बिजली का खंभा टूटकर सीधे इंद्रभूषण वर्मा के ऊपर आ गिरा।
ये भी पढ़ें - Maharajganj: कच्ची शराब के अड्डे पर पुलिस की रेड, मौके से जो मिला उसने सबको चौंका दिया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और अधिकारियों ने तत्काल उन्हें मलबे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया। बाद में मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इंद्रभूषण वर्मा अपने प्रशासनिक जीवन में ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारी के रूप में पहचाने जाते थे। उन्होंने सीआरओ प्रतापगढ़, एडीएम मऊ तथा एसडीएम लखनऊ, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। उनकी कार्यशैली और सरल स्वभाव के कारण प्रशासनिक अधिकारियों और आम जनता के बीच उनकी अलग पहचान थी।
ये भी पढ़ें - Maharajganj: अब मिलावट पर होगी सीधी कार्रवाई… महराजगंज में आटा-मैदा मिलों पर छापे से मचा हड़कंप, जांच रिपोर्ट खोलेगी राज
महराजगंज जनपद से उनका विशेष जुड़ाव रहा। वह 28 मार्च 2018 से 25 फरवरी 2019 तक महराजगंज में अपर जिलाधिकारी (ADM) के पद पर तैनात रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई जनहितकारी और प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया, जिसके कारण उन्हें आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
Location : Maharajganj
Published : 6 August 2026, 5:44 PM IST