हिंदी
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम (img: Twitter)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा को चुनौती देने के लिए दोनों दलों के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने ऐलान किया है कि 17 नवंबर को सपा और कांग्रेस के प्रतिनिधियों के बीच पहली बैठक होगी। इस बैठक में चुनावी तालमेल और सीटों के बंटवारे पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी अपना अभियान तेज करने की तैयारी की है।
लखनऊ में राजेंद्र पाल गौतम प्रेसवार्ता आयोजित कर बताया कि सपा-कांग्रेस के बीच 17 नवंबर से सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होगी। दोनों दलों के प्रतिनिधि बैठक में गठबंधन की रणनीति और चुनावी तालमेल से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे भी मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता के दौरान राजेंद्र पाल गौतम ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि SIR के नाम पर करीब साढ़े 13 करोड़ वोट काटे गए हैं। गौतम के मुताबिक, इस प्रक्रिया से मुस्लिम समाज के साथ दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के मतदाता भी प्रभावित हुए हैं।उन्होंने कहा कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं के 15 प्रतिशत अधिक वोट काटे गए हैं। इस मुद्दे पर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। साथ ही चुनाव बैलेट पेपर से कराने की पैरवी करते हुए कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे को आगे भी उठाती रहेगी।
वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि SIR के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किए जाने की आशंका को देखते हुए पार्टी ने प्रदेशभर में मतदाता सूची की जांच कराने का फैसला किया है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को विधानसभा स्तर पर सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी की कार्यशाला में तय किया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का परीक्षण करेंगे। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नामों की जांच की जाएगी, ताकि किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से बाहर न रह जाए।
मोना ने कहा कि कांग्रेस SIR की पूरी प्रक्रिया पर नजर रखेगी और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देगी। उन्होंने कहा कि SIR हो या SSIR, पार्टी मतदाता सूची में किसी भी तरह की कथित मनमानी का विरोध करेगी।
छठ महापर्व को लेकर पटना में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, गंगा घाटों पर तैनात रहेगी पुलिस
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने संविधान और मताधिकार के मुद्दे को लेकर 26 नवंबर को संविधान बचाओ संकल्प यात्रा निकालने की घोषणा की है। राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर यह कार्यक्रम देशभर में आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक मार्च निकालेंगे। इस यात्रा के जरिए पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को उठाएगी।
फिलहाल 17 नवंबर को होने वाली सपा-कांग्रेस की पहली बैठक पर राजनीतिक नजरें रहेंगी। इस बैठक में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे और चुनावी तालमेल को लेकर होने वाली चर्चा से 2027 के विधानसभा चुनाव की गठबंधन रणनीति की दिशा सामने आने की उम्मीद है।
Location : Lucknow
Published : 14 November 2026, 5:05 PM IST