देवरिया में बड़ा हादसा, खेत में काम करा रहे बीजेपी नेता की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत

देवरिया के तरकुलवां क्षेत्र के महुआपाटन गांव में बुधवार दोपहर खेत में धान की रोपाई कराते समय आकाशीय बिजली गिरने से भाजपा के बूथ अध्यक्ष सतीश जायसवाल की दर्दनाक मौत हो गई। बेटे के सामने हुए इस भीषण हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 8 July 2026, 6:07 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया जिले के तरकुलवां थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में भाजपा के बूथ अध्यक्ष की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब वह अपने खेत में धान की रोपाई का काम करा रहे थे। अचानक मौसम बदलने के बाद हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

बेटे के सामने हुई घटना

महुआपाटन गांव निवासी 56 वर्षीय सतीश जायसवाल अपने बेटे सन्नी जायसवाल के साथ खेत में मौजूद थे। दोनों धान की रोपाई का काम देख रहे थे। इसी बीच मौसम अचानक खराब हो गया और बारिश के आसार बनते ही खेत में काम कर रहे लोग बाहर निकलने लगे। सतीश जायसवाल भी खेत से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनका बेटा कुछ ही दूरी पर खड़ा था और देखते ही देखते यह हादसा हो गया।

गांव में पसरा मातम

घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंच गए। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग इस घटना पर दुख जता रहे थे। गांव के लोगों ने सतीश जायसवाल को मिलनसार और समाजसेवी स्वभाव का व्यक्ति बताते हुए कहा कि उनके निधन से गांव ने एक अच्छा इंसान खो दिया है।

Deoria Crime News: खेत से मोटर पंप चुराने वाले अनिकेत और कृष्णा गिरफ्तार, मदनपुर पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने घटना की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

मौसम खराब होने पर सावधानी की अपील

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों पर काम करने से बचने की अपील की है। बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए मौसम खराब होते ही सुरक्षित स्थान पर पहुंचना बेहद जरूरी माना जा रहा है।

Location :  Deoria

Published :  8 July 2026, 6:04 PM IST

Advertisement