हिंदी
तीन मौत से हड़कंप
प्रतापगढ़: लीलापुर थाने के सगरा सुंदरपुर बाजार में एक साथ हुई तीन मौतों में घटना के तीसरे दिन भी पुलिस रहस्य से पर्दा उठाने में सिर्फ हाथ पैर चलाती देखी गयी। घटना में मृतक अंकित पटवा के ससुर दीप कुमार पटवा की तहरीर पर चार नामजद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक, केस दर्ज होने को लेकर भी पुलिस घटना की हकीकत तक पहुंचने में मशक्कत में जुटी हुई है। मृतकों का विसरा प्रिजर्व कर परीक्षण के लिए अनुसंधान केंद्र भेजवाया गया है। वहीं घटना की रात घर में मिले बचे भोजन, आम, मिठाई आदि को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेजवाया गया है।
पूछताछ के लिए हिरासत
पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण जहर की संभावना दर्शायी गयी है। ऐसी स्थिति में पुलिस को विसरा रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। एक साथ हुई तीन मौतों को लेकर इलाके में संशय का माहौल शनिवार को भी बना हुआ दिखा। काल की नीयति के चलते एक साथ मां-बाप व दादी मां का साया उठने के बाद पांच माह के मासूम कार्तिक का रूदन जरूर घर की चहरदीवारी और आसपास के लोगों की खामोशी बीच बीच में जरूर तोड़ दिया करती है। घटना को लेकर पुलिस टीम ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया था।
पहलुओं की जांच
पुलिस इस पूछतांछ को भी जांच प्रक्रिया के तहत अभी गोपनीय बनाए हुए है। अंकित पटवा के घर उसकी मृतका पत्नी रिया के मायके के लोग जरूर इंसाफ की बाट जोहते अभी भी यहीं ठहरे हुए हैं। एक साथ हुई तीन मौतों की जांच प्रक्रिया के बीच शनिवार को लालगंज के स्थानांतरित सीओ रामसूरत सोनकर भी कार्यमुक्त हो गये। नये सीओ के रूप में आशुतोष मिश्र ने दोपहर बाद यहां कार्यभार संभाल लिया। सीओ आशुतोष ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। एक साथ हुई तीन मौतों की इस घटना को जिलेे के पुलिस अधीक्षक डा0 अनिल कुमार ने गंभीरता से ले रखा है।
घटना शासन की दहलीज पर भी जा पहुंची
एसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी संजय राय सर्किल के थानों की टीम के साथ लगातार जांच से जुडी कार्रवाई का ब्यौरा जुटा रहे हैं। मां-बेटे व बहू की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत हत्या या आत्महत्या है? इसकी गुत्थी सुलझाना पुलिस के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। यह घटना लोगों के बीच काफी चर्चित होने के कारण खाकी को जल्द से जल्द मौत को लेकर बने रहस्य को साफ करना लाजिमी हो गया है। कमरे में संदिग्ध दशा में तीन तीन एक साथ मौत की यह घटना शासन की दहलीज पर भी जा पहुंची है। ऐसे में शासन द्वारा भी इस घटना की जांच के बिंदुओं पर नजर टिकी हुई है। जिला पुलिस प्रशासन की कवायद भी जल्द से जल्द तीन तीन मौतों की घटना की सच्चाई तक पहुंचने में लगातार जारी है। बतादें गुरूवार की सुबह घर में कमरे के अंदर अंकित पटवा तथा उसकी पत्नी रिया व मां आशा देवी का शव बरामद हुआ था। घटना में अंकित के पांच माह का बेटा कार्तिक ही जिन्दा मिल सका था।
Location : Pratapgarh
Published : 28 June 2025, 7:50 PM IST
Topics : Dynamite News Latest News police UP News क्राइम