हिंदी
UP Budget 2026 के पहले दिन समाजवादी पार्टी ने विधानसभा में हंगामा किया। अखिलेश यादव ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और SIR के मुद्दे उठाने का एलान किया। विपक्षी नारेबाजी से सदन का माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
मुरादाबाद से सपा विधायक फहीम इरफान ने Dynamite News से की खास बातचीत
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज सोमवार को बजट सत्र का पहला दिन रहा और पहले ही दिन विपक्ष ने हंगामा कर दिया। समाजवादी पार्टी ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। विधानसभा के भीतर और पोर्टिको में सपा नेताओं ने ‘भाजपा सरकार मुर्दाबाद’, ‘झूठ बोलना बंद करो’, ‘SIR के नाम पर लोकतंत्र खत्म मत करो’ और ‘गो-बैक, गो-बैक’ जैसे नारे लगाए।
जल जीवन मिशन में कथित भ्रष्टाचार, बढ़ती महंगाई और SIR में खामियों को लेकर बजट सत्र के पहले दिन समाजवादी पार्टी ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। मुरादाबाद से सपा विधायक फहीम इरफान ने देखिये इसपर क्या कहा?#UPAssembly #JalJeevanMission #Inflation #BudgetSession @samajwadiparty pic.twitter.com/NH7bOMr6Bc
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) February 9, 2026
अखिलेश यादव का हमला
इस दौरान समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा इस बजट सत्र में बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ता अपराध और SIR जैसे संवेदनशील मुद्दों को उठाने का काम करेगी। इसके अलावा कोडीन सिरप के मामले को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। अखिलेश ने विधानसभा में साफ किया कि उनका मकसद आम जनता के सवालों को सामने लाना है।
राज्यपाल का अभिभाषण
बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ हुई। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य में छह करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिली है और सरकार ने विकास और कल्याणकारी योजनाओं में तेजी लायी है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सदन को संबोधित करते हुए कहा कि विधान मंडल लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और यह बातचीत के जरिए काम करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यवाही में रुकावट डालना केवल मुद्दों को कमजोर करने की कोशिश के बराबर है। उन्होंने सभी विधायकों से आग्रह किया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में व्यवधान न डालें और मुद्दों पर चर्चा करें।
हंगामा और नारेबाजी का असर
सपा विधायकों के हंगामे और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए बाधित रही। लेकिन अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित किया और बजट सत्र की प्रक्रिया जारी रही। विपक्ष ने साफ कर दिया कि आने वाले दिनों में भी सपा महंगाई और अन्य सामाजिक मुद्दों को सदन में जोर-शोर से उठाती रहेगी।
आने वाले दिनों में सत्र का नजरिया
पहले दिन के हंगामे से संकेत मिलता है कि उत्तर प्रदेश बजट सत्र में विपक्ष लगातार सरकार को घेरते हुए संवेदनशील मुद्दों को प्रमुखता देगा। महंगाई, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मसले सदन में गर्म बहस का कारण बने रहेंगे।