गोरखपुर में बदमाशों का कहर: घर में घुसकर मचाया आतंक, लाखों रुपये का माल गायब; पुलिस से न्याय की गुहार

गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र में चोरों के आतंक से हड़कंप मच गया, रामपुर गडरी गांव में चोरों ने एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया। चोर रात के समय बड़े ही शातिर तरीके से घर मे घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर 85 हजार नकद व चांदी के जेवरात उड़ा ले गए।

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के रामपुर गडरी गांव में चोरों ने एक बार फिर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया है। रविवार की रात अज्ञात चोरों ने संतोष दुबे के घर में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा और करीब 85 हजार रुपये नकद, चार चांदी के सिक्के और एक जोड़ी चांदी की पायल लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पीड़ित परिवार सदमे में है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, संतोष दुबे अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब 1 बजे चोर चुपके से घर में दाखिल हुए और कमरे में रखी अलमारी को निशाना बनाया। ताला तोड़कर उन्होंने नकदी और जेवरात चुरा लिए। पूरे वारदात को  इतनी शातिर तरिके से चुपचाप अंजाम दिया गया कि पूरे परिवार को किसी तरह की भनक तक नहीं लगी।

सुबह घर में बिखरा मिला सामान

सोमवार सुबह जब परिवार की नींद खुली, तो अलमारी टूटी हुई और सामान बिखरा पड़ा मिला। नकदी व जेवरात गायब देखकर घर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौोके पर पहुंचे और भीड़ जुट गई, पीड़ित ने घटना के बारे में तुरंत गोला थाने को सूचना दी।

पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई। संतोष दुबे की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

क्षेत्र में बढ़ता चोरों का खौफ

ग्रामीणों का कहना है कि गोला थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में चोरी की घटनाएं फिर से तेज हो गई हैं। कुछ समय पहले बड़ी गैंग के खुलासे के बाद चोरियां थमी हुई थीं, लेकिन अब फिर से वारदातें बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना हावी हो रही है। ग्रामीणों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और सतर्कता बरतने की मांग की है।

पुलिस का दावा

थाना प्रभारी राकेश रौशन सिंह ने बताया कि मामले की तहरीर मिल चुकी है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए टीम गठित की गई है और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 9 February 2026, 12:32 PM IST

Advertisement
Advertisement