हिंदी
दर्शन के लिए कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खबर है। दरअसल नैनीताल पुलिस ने कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में वीकेंड पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए विशेष यातायात और डायवर्जन प्लान लागू किया है।
कैंची धाम जाने वालों के लिए सूचना (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Nainital: कैंची धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और वीकेंड पर भारी ट्रैफिक दबाव को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने इस बार पहले से कहीं ज्यादा सख्ती और व्यवस्थाओं के साथ यातायात नियंत्रण की कमान संभाल ली है। हर शनिवार और रविवार को हजारों की संख्या में पहुंचने वाले पर्यटकों से सड़कें जाम न हों, इस उद्देश्य से पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है, जो कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में सुगम आवाजाही की मुख्य कड़ी बनेगा।
जारी निर्देशों के अनुसार वीकेंड पर अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी को जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट कर रामगढ़ और मुक्तेश्वर होते हुए भेजा जाएगा, ताकि मुख्य मार्ग पर अतिरिक्त दबाव न बढ़े।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन अपने नियमित मार्ग से ही चल सकेंगे, जबकि अन्य भारी वाहनों को ट्रैफिक की स्थिति देखते हुए मस्जिद तिराहा भवाली से पहले रोका जाएगा या उन्हें रामगढ़ और खुटानी मार्ग से भेजा जाएगा।
बाहरी राज्यों और जनपदों से आने वाले पर्यटकों के लिए भी पुलिस ने कड़े प्रबंध किए हैं। भीमताल की ओर से कैंची धाम जाने वालों के निजी वाहनों की पार्किंग भीमताल विकास भवन पार्किंग में की जाएगी और वहां से उन्हें शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम भेजा जाएगा।
वहीं नैनीताल या गेठिया मार्ग से आने वाले पर्यटकों की गाड़ियां भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में खड़ी कराई जाएंगी और उन्हें भी शटल सेवा से मंदिर पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने सभी पर्यटकों, स्थानीय निवासियों, वाहन स्वामियों और चालकों से आग्रह किया है कि वे वीकेंड पर लागू इस यातायात और डायवर्जन प्लान का पालन अवश्य करें, ताकि यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और क्षेत्र में व्यवस्था सुचारू बनी रहे।