हिंदी
यूपी की सभी खबरें पढ़ें एक खबर और क्लिक में (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 5 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
5 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण के पिता एचके मित्तल का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिवार, शुभचिंतकों और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है।
बरेली के लखनऊ-दिल्ली हाईवे स्थित बड़े बाईपास (जीरो प्वाइंट) पर दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवरिया में अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 1.210 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस ने 4/5 अगस्त की रात गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मालगोदाम रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई की।
Maharajganj: सरकारी अस्पतालों में मरीज इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन जब इलाज की जगह अस्पताल का ओपीडी कक्ष सोशल मीडिया की 'रीलबाजी' का मंच बन जाए तो सवाल उठना लाजिमी है। महराजगंज जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौतनवा से सामने आए एक वायरल वीडियो ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में डेंटल ओपीडी में तैनात एक महिला संविदा डेंटल हाइजीनिस्ट अस्पताल के भीतर रील बनाती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं और कर्मचारियों की कार्यशैली को लेकर बहस तेज हो गई है। वहीं, मरीजों को इलाज के बजाय निजी क्लीनिक भेजे जाने के आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर अराजक तत्वों द्वारा हमले का मामला सामने आया है। इसमें कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। छात्र नेता आशुतोष मौर्या ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए घटना की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की है।
महराजगंज में जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने फ्लोर मिलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए दो मिलों से आटा और मैदा के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। विभाग ने साफ किया है कि गुणवत्ता में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित मिलों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बहराइच: कोतवाली नगर क्षेत्र के केवानजंग में चोरी की कोशिश करने पहुंचा एक आरोपी दुकान के शटर के जाल में फंस गया। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे में धुत था और रात के समय चोरी करने के इरादे से दुकान में घुस रहा था। सुबह जब दुकानदार मौके पर पहुंचा तो शटर के जाल में युवक को फंसा देखकर हैरान रह गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल विभाग की टीम की मदद से काफी मशक्कत के बाद आरोपी को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवरिया: भटनी थाना क्षेत्र के हतवा गांव में मामूली विवाद के बाद दोस्त ने सागर को कथित तौर पर चाकू मार दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने जया हॉस्पिटल में हंगामा किया और आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। हंगामे को देखते हुए अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बस्ती: हरैया थाना क्षेत्र के भिटियहवा मोड़ पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मुस्तफा उर्फ मदन और दिलशाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों के कब्जे से 3.300 किलोग्राम गांजा और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कानपुर: बिल्हौर के मकनपुर दरगाह शरीफ में चेहल्लुम जुलूस के दौरान बिरयानी के लंगर को लेकर हंगामा हो गया। बिरयानी बांटने के दौरान भीड़ में छीना-झपटी शुरू हो गई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ने पर बिरयानी बांट रहे कार्यकर्ता डेग छोड़कर वहां से चले गए। इस दौरान भीड़ ने बिरयानी से भरा बर्तन जमीन पर गिरा दिया। घटना के बाद मौके के हालात को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।
कानपुर: गोविंदनगर के गौरव फर्नीचर प्रतिष्ठान में भीषण आग लगने के मामले में अब सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि प्रतिष्ठान नियमों और मानकों को ताक पर रखकर संचालित किया जा रहा था, जिससे कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ने की बात सामने आई है। घटना के बाद CFO कानपुर ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। दमकल विभाग आग लगने के कारणों के साथ-साथ प्रतिष्ठान में सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन की भी जांच करेगा। जांच के आधार पर प्रतिष्ठान के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जा सकती है।
फिरोजाबाद: शिकोहाबाद क्षेत्र के ग्राम नीम खेरिया में पोलिंग स्टेशन बदले जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने फैसले का विरोध करते हुए इसे साजिश बताया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पोलिंग स्टेशन पूर्व स्थान पर रखने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के स्थगित हो गया है। इसके साथ ही चर्चा के बाद विधानसभा में अनुपूरक बजट पास हो गया है। सत्र के समापन के बाद सीएम योगी ने सपा पर जमकर निशाना साधा और कहा कि विपक्ष ने मानसून सत्र को बाधित किया।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में बुधवार को विपक्ष का भारी हंगामा देखने को मिला। बार बार कार्यवाही स्थगित होती रही। विपक्ष के रवैये से हैरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भावुक हो गये। उन्होंने कहा कि वह राजनीति के अंतिम चरण में हैं और इस बात पर विचार करेंगे कि वह इस कुर्सी पर बने रहने के लायक है या नहीं।
बाराबंकी के देवा कोतवाली क्षेत्र में झाड़फूंक और अंधविश्वास से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 35 वर्षीय रूबी यादव को मजार पर करीब 10 दिनों तक खंभे से बांधकर रखा गया और इस दौरान उसे खाना-पानी भी नहीं दिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे CHC देवा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस ने पति अंकित यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
कन्नौज में नगर में ऑटो के प्रवेश पर रोक लगाए जाने से नाराज ऑटो चालकों ने तिर्वा तहसील के पास चक्का जाम कर दिया। सड़क पर ऑटो खड़े कर विरोध जताए जाने से यातायात प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ऑटो चालकों को समझाने और जाम खुलवाने की कोशिश में जुटी है।
कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र के नवीन नगर में एक अपार्टमेंट का बेसमेंट धंसने से हड़कंप मच गया। बेसमेंट धंसने की वजह से कई फ्लैटों में दरारें आने की बात सामने आई है। हादसे के बाद दहशत में आए लोग अपने फ्लैट खाली कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बेसमेंट धंसने के पीछे मेट्रो की खुदाई को जिम्मेदार बताया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले को लेकर चिंता बढ़ गई है।
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के आवदा नगर में बच्चों की कहासुनी को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। पथराव की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी अब अपने PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण से आगे बढ़कर सामाजिक आधार का विस्तार करने की रणनीति पर काम करती नजर आ रही है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की कोशिश ब्राह्मण समाज को भी अपने साथ जोड़ने की बताई जा रही है।
इसके लिए सपा में माता प्रसाद पांडेय, संतोष पांडेय, सनातन पांडेय, अभिषेक मिश्रा और पवन पांडेय जैसे ब्राह्मण नेताओं को प्रमुखता दी जा रही है। पार्टी की ओर से इन नेताओं को आगे कर ब्राह्मण प्रतिनिधित्व, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी का संदेश देने की कोशिश की जा रही है।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा का यह रुख महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी अपने पारंपरिक सामाजिक समीकरण को मजबूत करने के साथ-साथ नए वर्गों को जोड़कर चुनावी आधार बढ़ाने की रणनीति पर जोर दे रही है।
लखनऊ में पूर्व मंत्री पवन पांडे ने ब्राह्मण समाज के मुद्दे पर बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने ब्राह्मणों का सम्मान किया, जबकि बीजेपी में ब्राह्मणों का अपमान किया गया। पवन पांडे ने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज 2027 में इसका बदला लेगा। संतों के अपमान का भी आरोप लगाया। पवन पांडे ने तंज कसते हुए कहा कि एक डिप्टी सीएम ऐसे हैं, जिनकी कोई नहीं सुनता, जबकि जब वह राज्यमंत्री थे तो अधिकारी उनकी बात सुनते थे।
औरैया के आयना क्षेत्र स्थित सिद्ध शनि आश्रम से गोवंश के साथ कथित तौर पर अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है। आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी का शांति भंग में चालान कर दिया। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की जा रही है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए अब सख्ती बढ़ने जा रही है। नए विधेयक के पारित होने के बाद नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को जुर्माने के साथ सजा भी भुगतनी पड़ सकती है। सरकार के इस कदम के बाद यातायात नियमों को लेकर कार्रवाई और सख्त होने की उम्मीद है।'
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP Traffic Rules: अब चालान भरकर नहीं बच पाएंगे! नियम तोड़ा तो जुर्माने के साथ भुगतनी पड़ सकती है सजा
लखनऊ से दिल्ली तक राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मुद्दा गरमाया हुआ है। अयोध्या में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा समाजवादी पार्टी लगातार उठा रही है। इसी मामले को लेकर यूपी विधानसभा में भी जोरदार हंगामा देखने को मिला। विपक्ष ने सरकार को घेरते हुए मामले में कार्रवाई और जवाब की मांग की
बरेली में दरगाह आला हजरत के 108वें उर्स को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। उर्स में देश-विदेश से लाखों जायरीन के शामिल होने की उम्मीद है। 6 से 8 अगस्त तक उर्स का आयोजन किया जाएगा, जिसको लेकर प्रशासन और आयोजकों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
संभल में चोरों ने एक ही रात में गांव के तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घरों से नगदी समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। एक साथ तीन घरों में चोरी की घटना सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना थाना हजरत नगर गढ़ी क्षेत्र की बताई जा रही है।
मुजफ्फरनगर के खतौली में कांवड़ियों का पुलिस ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। एसएसपी और सीओ ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान नगर पालिका चेयरमैन हाजी लालू भी मौजूद रहे। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी लगातार मजबूत रखी जा रही है।
अयोध्या के खंडासा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने युवती को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र के बरांव गांव में पोखरे में डूबने से 33 वर्षीय ज्ञान प्रकाश उर्फ बिट्टन पांडेय की मौत हो गई। ग्रामीणों ने सुबह मताधाम मंदिर के पास पोखरे में शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश के आसार हैं। राजस्थान और उत्तराखंड में बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है। दिल्ली में भी आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश के आसार हैं।
पीलीभीत के नौगवां पकड़िया नगर पंचायत में विकास कार्यों की TAC जांच शुरू हुई है। 18 बिंदुओं पर विकास कार्यों में घोटाले के आरोपों के बाद कमिश्नर से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद पहुंची TAC टीम ने मौके पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की।
Location : Lucknow
Published : 5 August 2026, 9:35 AM IST