हिंदी
UP की हर छोटी-बड़ी हलचल (Img: Dynamite News)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
उत्तर प्रदेश के कौशांबी में इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप है कि मोटी कमाई करने के लिए युवक की मौत के आधे घंटे बाद तक डॉक्टर इलाज कर रहे थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने नाराज परिजनों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
अमेठी: अमेठी में स्कूल से छुट्टी के बाद घर के लिए निकले दो सगे नाबालिक भाई लापता हो गए।बच्चों के गायब होने की खबर से परिजनों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत तलाश तेज कर दी। पुलिस टीम ने लगातार पतारसी और सुरागरसी करते हुए महज चार घंटे में दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।बच्चों के सकुशल बरामद होने के बाद परिजनों ने राहत की सांस लिया।
देवरिया: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शराब की सरकारी दुकानों को बंद रखने के प्रशासनिक निर्देशों के बावजूद देवरिया जनपद के बरियारपुर थाना क्षेत्र में नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। करौदी चौकी के समीप स्थित सरकारी देसी शराब की दुकान से कथित तौर पर धड़ल्ले से मदिरा की बिक्री किए जाने का आरोप है।
महराजगंज के वन स्टॉप सेंटर से फरार हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने कुछ ही समय में सकुशल बरामद कर लिया। किशोरी के फरार होने के मामले में थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एक महिला हेड कांस्टेबल और एक महिला कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
फतेहपुर के सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पर बांटे गए लगभग 2,000 लड्डुओं में फंगस लगे होने का गंभीर आरोप सामने आया है। लड्डू बांटने के एक घंटे बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को मैसेज भेजकर बच्चों को लड्डू न खिलाने की अपील की, जिससे परिजनों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है।
अमेठी पुलिस अधीक्षक सरवणन टी को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए डीजीपी उत्तर प्रदेश ने प्रशंसा चिह्न गोल्ड से सम्मानित किया है। पुलिस अधीक्षक अमेठी ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के जरिए क्राइम कंट्रोल कर आम लोगों के मन में पुलिस विश्वास एवं सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।आइए इस रिपोर्ट में जानते है कौन है आई पी एस अधिकारी सरवणन टी।
फर्रुखाबाद में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही लोगों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और लोगों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को पूरा देश देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर के न्याजुपुरा स्थित भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के प्रदेश कार्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम एआईएमआईएम और भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इसके साथ ही नियाजीपुरा के चौराहे पर भाकियू लाल बहादुर शास्त्री के जिला मुख्यालय पर तिरंगा फहराया गया उसके बाद कार्यकर्ताओं नें तिरंगा बाइक रैली निकालकर स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाया।
अमेठी जिले की मुसाफिरखाना तहसील स्थित कादूनाला का वन क्षेत्र 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अदम्य साहस का गवाह है। मार्च 1858 में ब्रिटिश जनरल फ्रैंक्स की आधुनिक तोपों से लैस अंग्रेजी सेना के सामने भाले सुल्तान के 15 हजार रणबांकुरों ने बिना डरे 3 दिनों तक कड़ा मुकाबला किया और मातृभूमि के लिए वीरता की अमर गाथा लिखी।
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में मथुरा-बरेली नेशनल हाईवे पर सिकंदराराऊ तहसील के नायब तहसीलदार की गाड़ी ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दादा और उनके 6 वर्षीय पोते समेत कुल 3 लोगों की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सरकारी गाड़ी को घेरकर हाईवे पर जाम लगा दिया।

सुल्तानपुर: देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को जिलेभर में उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ, जहां जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने ध्वजारोहण कर उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया।
फतेहपुर जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पीडब्ल्यूडी कार्यालय में उल्टा राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। राष्ट्रध्वज के इस अपमान के बाद अधिकारियों की चुप्पी और फोन न उठाने को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है।
बाराबंकी के बैरानामऊ मंझारी गांव में शराब के नशे में धुत युवक संजय चौहान ने जहरीले कोबरा को पकड़ लिया। तीन बार डसने के बावजूद उसने सांप को नहीं छोड़ा और उसे मारकर हाथ में लपेटकर गलियों में घूमने लगा। परिजनों के समझाने पर सीएचसी अस्पताल पहुंचे युवक को डॉक्टरों ने एंटी-वेनम देकर बचा लिया।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-22 डी स्थित यमुना प्राधिकरण की सोसाइटी से दनकौर पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे नाइजीरियाई मूल के नागरिक डेस्टिनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जून 2023 में तीन महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था, जिसकी अवधि सितंबर 2023 में ही समाप्त हो चुकी थी। पुलिस अब अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशी नागरिकों का सत्यापन अभियान चला रही है।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मिर्जापुर स्थित ऐतिहासिक चुनार किले पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने भव्य ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया। इस दौरान मंत्री ने किला परिसर में पौधारोपण किया और प्रदेशवासियों को आजादी के पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
कौशांबी के सैनी थाना क्षेत्र स्थित वंदना हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 19 वर्षीय युवक शिव बाबू सरोज की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने डॉक्टरों पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झांसी पुलिस लाइन में भव्य आयोजन किया गया, जहां SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उत्कृष्ट सेवा, अपराध नियंत्रण और आईजीआरएस निस्तारण में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्य निभाने का संदेश दिया।
देश के कई राज्यों में मॉनसून की बारिश तबाही मचा रही है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है और वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 100 से ज्यादा छोटे मंदिर पानी में डूब गए हैं। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन के कारण 114 सड़कें बंद हैं और ओडिशा में बाढ़ प्रभावित इलाकों से 41,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।
लखीमपुर खीरी में दुधवा नेशनल पार्क घूमकर लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों की कार से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। फरसहिया टांडा तिराहा के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीसरे युवक समेत सड़क पर खड़े दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
संभल के असमोली स्थित अल हसन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल के मुख्य दरवाजे का छज्जा अचानक भरभराकर गिरने से मलबे की चपेट में आकर कक्षा तीन के छात्र निजाम की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर जांच के आदेश दिए हैं।
मैनपुरी के जोगराजपुर गांव में शनिवार तड़के 5 बीघा जमीन नाम न करने से नाराज भतीजे नवीन उर्फ पिंकी ने अपनी 45 वर्षीय विधवा चाची नीलम देवी की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। पति की मृत्यु के बाद निसंतान चाची अकेले रहकर खेती से गुजर-बसर कर रही थीं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मुजफ्फरनगर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, पूर्व सांसद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान राष्ट्रध्वज फहराकर राष्ट्रगान किया गया और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
मऊ में जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन के प्रतिनिधि राकेश तिवारी द्वारा ब्लिंकिट ऐप से मंगाए गए सूजी के बंद पैकेट में कीड़े रेंगते मिले। डिलीवरी बॉय और कंपनी के टालमटोल भरे जवाब के बाद उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत की। शिकायत मिलते ही विभाग की टीम ने ब्लिंकिट के स्टोर पर छापेमारी कर सामानों की सघन जांच शुरू कर दी।
नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन (NMRC) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर यात्रियों के लिए 'नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड' (NCMC) और व्हाट्सएप के जरिए क्यूआर टिकट की सुविधा शुरू की है। इस कार्ड से यात्री देश की किसी भी मेट्रो और सिटी बसों में सफर कर सकेंगे। इसके साथ ही, स्टेशनों पर पैसेंजर इंफोर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (PIDS) भी शुरू किया गया है।
सहारनपुर में झबीरण के पास हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देहरादून की ओर से आ रही एक सरकारी गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और दूसरी तरफ से आ रही कार में जा घुसी। हादसे में आईटीबीपी (ITBP) के डीआईजी परमेंद्र सिंह और उनके चालक रविशंकर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिर्जापुर के तीन प्रमुख विद्यालयों सेंट मैरी स्कूल, गुरु नानक इंटर कॉलेज और मिश्रीलाल इंटर कॉलेज के 2,000 से अधिक विद्यार्थियों ने ब्रह्माकुमारीज के "10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान" में हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम के दौरान बीके बिंदु दीदी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वीरेंद्र सिंह मरकाम ने छात्रों को प्रेरित किया, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों ने आजीवन नशामुक्त रहने का संकल्प लिया।
मेरठ में एसटीएफ के बलिदानी निरीक्षक सुनील कुमार की शहादत की गाथा को याद कर एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार भावुक हो गए। 20 जनवरी को एक लाख के इनामी बदमाश अरशद और उसके साथियों से हुई मुठभेड़ में तीन गोलियां लगने के बावजूद इंस्पेक्टर सुनील शर्मा ने हिम्मत नहीं हारी और जवाबी कार्रवाई में चार बदमाशों को ढेर कर दिया। इलाज के दौरान अस्पताल में उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कटरिया गांव में ठंड/धुएं के बीच कमरे में अंगीठी जलाकर सोए दंपती हादसे का शिकार हो गए। शनिवार सुबह दरवाजा तोड़कर घुसी पुलिस को 19 वर्षीय पत्नी रानी देवी मृत मिली, जबकि पति आकाश बेहोश मिला। पुलिस ने पति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
लालगंज, प्रतापगढ़: पट्टी कोतवाली क्षेत्र के आदर्श पुलिस चौकी पूरेधना पर राष्ट्रीय ध्वज के अपमान और पुलिस कर्मियों की मनमानी का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी पर गत 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को जो तिरंगा फहराया गया था, उसे स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) तक बदला नहीं गया। लंबे समय से एक ही ध्वज फहराए होने के कारण वह बेहद जर्जर और मटमैला हो चुका है। पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा और सिपाहियों की इस घोर लापरवाही को लेकर स्थानीय जनता में भारी आक्रोश है।
कन्नौज के सिकंदरपुर स्थित राजा ईंट भट्ठे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से पैदल जा रहे युवक अभिषेक राजपूत की मौत हो गई। टक्कर के बाद युवक ट्रैक्टर के पहिए में फंस गया। हादसे से गुस्साए परिजनों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर के लगभग 110 साल पुराने मदरसा महमूदिया (सरवट) में बड़ी ही धूमधाम से ध्वजारोहण किया गया। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। इस दौरान मदरसे के मुफ्ती मोहम्मद जाहिद ने छात्रों को देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में बताया और देश की रक्षा व तरक्की के लिए हमेशा समर्पित रहने का संदेश दिया।

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बदायूं पुलिस लाइन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को राष्ट्र की अखंडता और आपसी भाईचारे की शपथ दिलाई। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों, पुलिस पेंशनरों को सम्मानित किया गया तथा सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को पदक व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
हाथरस: देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को हाथरस कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। चारों ओर तिरंगे की सजावट, देशभक्ति गीतों और भारत माता के जयघोष से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत रहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर देश की आन-बान-शान के प्रतीक तिरंगे को सलामी दी।
चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कटरिया इलाके में एक किराए के कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में पत्नी का शव मिला, जबकि पति गंभीर हालत में बिस्तर पर पड़ा मिला। दो दिनों से कमरा बंद होने पर मकान मालिक की सूचना पर पहुँची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया। पुलिस ने गंभीर पति को अस्पताल भिजवाया और महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
राजधानी में भीषण गर्मी और बारिश के बाद लगातार हो रही बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। काकोरी के एफसीआई उपकेंद्र में देर रात बाउंड्रीवॉल फांदकर घुसे उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा, पथराव और तोड़फोड़ की। उपकेंद्र में तैनात एसएसओ से मारपीट की गई और एक गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थिति संभाली और अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
वाराणसी में ठगी के मामले सामने आए हैं, जहां चितईपुर पुलिस ने खुद को BHU कर्मी बताकर 20.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने फर्जी नियुक्ति पत्र देकर ठगी की थी। वहीं दूसरे मामले में, छुट्टी पर आए एक सेना के जवान के बैंक खातों से साइबर ठगों ने 5.33 लाख से अधिक रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने मामले दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
आगरा में एक कलियुगी पिता ने अपनी 11 महीने की मासूम बेटी को यमुना नदी में फेंक कर मार डाला। आरोपी पति ने बेटी का पहला जन्मदिन मनाने और खरीदारी कराने के बहाने पत्नी और बच्ची को बुलाया था। रास्ते में फोटो खिंचवाने का नाटक कर उसने मासूम को नदी में उछाल दिया। चीखती पत्नी को भी बचाने आए राहगीरों के कारण आरोपी पत्नी को नहीं फेंक सका।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देशवासियों को संबोधित किया। अपने संदेश में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों को याद करते हुए संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की एकता-अखंडता की रक्षा पर जोर दिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर डाइनामाइट न्यूज़ ने देवरिया न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभु दयाल सिंह से देश की वर्तमान परिस्थितियों, सरकार की नीतियों, समाज में बढ़ती वैचारिक कटुता और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर सिंह के विचारों को लेकर विशेष बातचीत की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रहित, जनहित और सामाजिक एकता को सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए बेबाकी से अपने विचार रखे।
वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभु दयाल सिंह ने कहा कि आज देश के सामने राष्ट्रीय समस्याओं के साथ-साथ जनहित, लोकहित और समाजहित से जुड़ी कई बड़ी चुनौतियां चट्टान की तरह खड़ी हैं। इन चुनौतियों का सामना केवल सरकार या किसी एक वर्ग के भरोसे नहीं किया जा सकता, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
मैनपुरी पुलिस लाइन में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आजादी और वीर शहीदों को नमन किया।
ध्वजारोहण के बाद कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भारत का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि भारत को कभी सोने की चिड़िया कहा जाता था और भारत विश्व गुरु के रूप में जाना जाता था। दुनिया की अर्थव्यवस्था में भी भारत की बड़ी हिस्सेदारी थी।
आगरा-ग्वालियर राजमार्ग पर एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 42 वर्षीय मजदूर सोहनवीर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने उचित मुआवजे तथा दोषी चालक पर कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
लखनऊ में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां अनियंत्रित होकर ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

अमेठी में स्वतंत्रता दिवस पर्व औपचारिक भव्यता के मनाया गया।इस अवसर पर शनिवार को अमेठी देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, ब्लॉक, विद्यालयों और सरकारी कार्यालयों तक तिरंगा शान से लहराया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संजय चौहान ने ध्वजारोहण किया।
ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ, जिसके उपरांत अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के त्याग से मिली आजादी को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।
कोल्हुई(महराजगंज): रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में तैनात आयुष फार्मासिस्ट धर्मेंद्र शाही को स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. सुरेंद्र चौधरी ने जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ सभागार में उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
धर्मेंद्र शाही ने रतनपुर सीएचसी क्षेत्र में HPV वैक्सीन का सर्वाधिक टीकाकरण कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन किया।
कोल्हुई(महराजगंज): कोल्हुई थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने आधी रात गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान परासखांड निवासी विनोद गुप्ता के रूप में हुई है। उसे परसौना गांव से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, रात के समय आरोपित के गांजा बेचने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक किलो 165 ग्राम गांजा बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
जनपद कानपुर देहात के झींझक नगर पालिका क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर वार्ड नंबर 8 स्थित अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद झींझक के चेयरमैन अमित तिवारी सोनू मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने विधिवत रूप से बाबा साहेब की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र राव भी मौजूद रहे।
Location : Lucknow
Published : 15 August 2026, 11:36 AM IST
Topics : Independence Day 2026 Lucknow News UP Breaking News Live UP Politics News Uttar Pradesh News