हिंदी
दहेज के लोभियों पर बहेड़ी पुलिस का हंटर (Img: Freepik)
Bareilly: बरेली के बहेड़ी थाना क्षेत्र में चार महीने पहले हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बरेली के शाही थाना क्षेत्र के गांव बिहारीपुर निवासी सलता देवी ने 26 फरवरी को बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि बेटी रिंकी की शादी के बाद से ही ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और आखिरकार उसे जहर देकर मार डाला गया। इस मामले में पति समेत नौ लोगों को नामजद किया गया था। मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस ने बुधवार दोपहर गांव ऐंठपुरा में दबिश दी। यहां से मृतका के पति वीरेन्द्र, ससुर गंगाराम और सास मुन्नीदेवी को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को थाने लाकर पूछताछ की गई और बाद में न्यायालय में पेश किया गया।
Bareilly News: नाश्ता लेकर लौट रहे थे मासूम चचेरे भाई-बहन, रास्ते में काल बनकर गिरी जर्जर दीवार
इस मुकदमे में अभी भी कई अन्य आरोपी नामजद हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। करीब चार महीने पहले दर्ज हुए इस चर्चित दहेज हत्या मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Location : Bareilly
Published : 8 July 2026, 7:49 PM IST