हिंदी
फीस वसूली पर जिला प्रशासन सख्त (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
नैनीताल: मौसम विभाग द्वारा 9 जुलाई को जनपद नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। भारत मौसम विभाग, देहरादून की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारी बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में मलबा और पेड़ गिरने से सड़कें बाधित हो सकती हैं। ऐसे में लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभाग संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों और कर्मचारियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके और आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सभी अधिकारियों को मुख्यालय पर मौजूद रहने, मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन पहले से तैयार रखें, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में बिना देरी के प्रभावी कार्रवाई की जा सके। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास जाने से परहेज करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
किसी भी आपात स्थिति या आपदा संबंधी सूचना के लिए जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 तथा टोल-फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
Location : Nainital
Published : 8 July 2026, 9:10 PM IST
Topics : Heavy rain Nainital orange alert Weather Update