हिंदी
सहारनपुर में अखिलेश का सियासी प्लान
Lucknow: कन्नौज के सांसद और समाजवादी के राष्ट्रीय प्रमुख अखिलेश यादव बुधवार को सहारनपुर के दौरे पर हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ आगे की रणनीति बनाने के लिए वह सहारनपुर में होंगे। उनके दौरे को लेकर कार्यक्रम और प्रोटोकॉल जारी कर दिया गया है। उनके कार्यक्रम के अनुसार सहारनपुर पहुंचने के बाद अखिलेश यादव दिल्ली रोड स्थित चौधरी बंधुओं के आवास पर मुलाकात करेंगे।
इसके अलावा पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के लिंक रोड स्थित आवास पर भी उनके पहुंचने का कार्यक्रम तय किया गया है। अखिलेश यादव के सहारनपुर आगमन को लेकर सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अखिलेश यादव का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजरें उनके दौरे के दौरान होने वाली मुलाकातों और संभावित राजनीतिक संदेश पर टिकी हैं।
दूसरी तरफ, पूर्व सांसद फजर्लुरहमान कुरैशी ने भी अखिलेश यादव से संपर्क कर अपने घर पर उनका कार्यक्रम तय करा लिया। फजर्लुरहमान कुरैशी ने जानकारी दी कि लखनऊ वापस लौटने से पहले अखिलेश यादव दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक उनके आवास पर रहेंगे और पार्टी के लोगों से मुलाकात करेंगे।
अखिलेश यादव को पहले 6 सितंबर को सहारनपुर आना था। वे अपनी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्रसेन के निमंत्रण पर यहाँ एक जनसभा में शामिल होने वाले थे। लेकिन किसी कारण के चलते समाजवादी पार्टी ने 6 सितंबर वाली अपनी रैली का आयोजन रद्द कर दिया।
उत्तर प्रदेश में मिशन-2027 की तैयारियों को लेकर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं पर जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का भारी दबाव दिखाई दे रहा है। राजनीतिक रस्साकशी के बीच नेताओं की होड़ इस कदर बढ़ गई है कि एक-दूसरे से आगे निकलने का खेल जारी है।
Location : Lucknow
Published : 1 September 2026, 10:51 PM IST
Topics : akhilesh yadav saharanpur visit Akhilesh Yadav Samajwadi Party UP Assembly Election UP Politics