हिंदी
ज्ञानेश कुमार का लखनऊ दौरा (Img: X)
Lucknow: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए चुनाव आयोग ने तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। उनके नेतृत्व में निर्वाचन आयोग की टीम राज्य में चुनावी व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लेगी।
इस दौरे में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना समेत आयोग के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। आयोग का फोकस चुनाव प्रक्रिया को मजबूत करने के साथ युवा मतदाताओं और नए वोटरों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने पर है।
दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त खास तौर पर Gen-Z यानी युवा मतदाताओं से बातचीत करेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देना और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है। निर्वाचन आयोग की ओर से युवाओं के बीच चुनावी जागरूकता बढ़ाने, मतदान से जुड़ी जानकारी पहुंचाने और डिजिटल माध्यमों के जरिए उन्हें चुनाव प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: Lucknow: हाथी दांत की तस्करी का भंडाफोड़; DRI के सीक्रेट ऑपरेशन में 4 तस्कर गिरफ्तार, करोड़ों की 54 कलाकृतियां बरामद
ज्ञानेश कुमार 24 अगस्त को लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा इसी कॉलेज से प्राप्त की थी। कॉलेज के अवध ऑडिटोरियम में छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है।
इस दौरान छात्र चुनाव, मतदान और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़े सवाल मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने रख सकेंगे। इसके बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
क्षेत्रीय सम्मेलन में चुनावी साक्षरता क्लब यानी Electoral Literacy Clubs (ELCs) और चुनाव आयोग के डिजिटल प्लेटफॉर्म ECI-Net पर चर्चा होगी। सम्मेलन का मकसद चुनाव से जुड़ी जानकारी को स्कूलों और कॉलेजों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
यह सम्मेलन प्रदेश में तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए लखनऊ, मेरठ और वाराणसी को केंद्र बनाया गया है। लखनऊ के पहले चरण में 20 जिलों के अधिकारी हिस्सा लेंगे। इनमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और मीडिया नोडल अधिकारी शामिल होंगे।
निर्वाचन आयोग ने 2018 में SVEEP कार्यक्रम के तहत चुनावी साक्षरता क्लबों की शुरुआत की थी। इनका उद्देश्य छात्रों और युवा नागरिकों को चुनाव प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन आयोग की भूमिका की जानकारी देना था।
अब बदलते डिजिटल माहौल और युवाओं की ऑनलाइन भागीदारी को देखते हुए ELC कार्यक्रम को नए रूप में विकसित किया जा रहा है। इसे ELC 2.0 के तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। योजना है कि स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में ये क्लब पूरे साल सक्रिय रहें और युवाओं को चुनावी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव मिले।
यह भी पढ़ें: Lucknow-Kanpur Expressway: अब सिर्फ 45 मिनट में पूरा होगा सफर, जानें यूपी के पहले बैरियर-फ्री हाईवे की हर खूबी
मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे का दूसरा दिन भी अहम रहेगा। 25 अगस्त को लखनऊ में ज्ञानेश कुमार आसपास के जिलों के करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों यानी BLO से सीधा संवाद करेंगे।
इस बातचीत में BLO अपने क्षेत्र में मतदाता सूची, मतदान केंद्र और मतदाताओं से जुड़े कामकाज के दौरान आने वाली समस्याओं और अनुभवों को साझा करेंगे। आयोग इन सुझावों के आधार पर चुनावी प्रक्रिया को अधिक आसान, पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर काम करेगा।
यह कार्यक्रम छात्रों, भविष्य के मतदाताओं और चुनावी अधिकारियों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। आयोग का प्रयास है कि युवाओं को चुनाव प्रक्रिया की सही जानकारी मिले और जमीनी स्तर पर काम करने वाले अधिकारियों के अनुभवों का इस्तेमाल व्यवस्था को बेहतर बनाने में किया जाए।
आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी ELC और ECI-Net से जुड़े क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इससे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनावी जागरूकता और तैयारियों को और मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
Location : Lucknow
Published : 24 August 2026, 9:25 AM IST
Topics : CEC Gyanesh Kumar UP Election 2027 UP News