लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बैरिकेडिंग पर पलटा ट्रैक्टर; चार मजदूरों की मौत से परिवारों में कोहराम

लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार भोर दर्दनाक सड़क हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। गोसाईंगंज क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच पिन टूटने के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर हाईवे की बैरिकेडिंग पर पलट गया। चारों मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए। पुलिस और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। तीन मजदूरों की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, जबकि एक ने केजीएमयू ले जाते समय दम तोड़ दिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 August 2026, 2:57 PM IST
google-preferred

Lucknow: लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर शनिवार की भोर चार परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे काला दिन बन गई। गोसाईंगंज क्षेत्र में जिले की सीमा के पास ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे की बैरिकेडिंग पर पलट गई। हादसे के वक्त ट्रैक्टर पर चार मजदूर सवार थे। ट्रैक्टर पलटते ही चारों मजदूर उसके नीचे दब गए। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

हिच पिन टूटते ही बिगड़ा ट्रैक्टर का संतुलन

पुलिस के मुताबिक चारों मजदूर कोठी थाना क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठे से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर ईंट लादकर लखनऊ की तरफ जा रहे थे। ट्रैक्टर इलिचपुर गांव निवासी पीतांबर रावत चला रहे थे। उनके साथ इसी गांव के संदीप रावत, पवन रावत और सराय नजर गांव निवासी बलराम रावत भी ट्रैक्टर पर सवार थे। गोसाईंगंज क्षेत्र में पहुंचते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोड़ने वाली हिच पिन अचानक टूट गई।

क्रेन से हटाया गया ट्रैक्टर

हादसे की सूचना मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ट्रैक्टर के नीचे मजदूरों के दबे होने के कारण पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने की थी। पुलिस ने क्रेन मंगवाई और उसकी मदद से ट्रैक्टर को हटाया गया। इसके बाद चारों मजदूरों को बाहर निकाला गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सभी मजदूरों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

लखनऊ में बिजली कटौती पर बेकाबू हुए लोग! बाउंड्री फांदकर पावर हाउस में घुसे, गाड़ी पलटी और SSO को पीटा

अस्पताल पहुंचते ही तीन को मृत घोषित किया

पुलिस के अनुसार हादसे में घायल तीन मजदूरों को सीएचसी गोसाईंगंज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य मजदूर की हालत गंभीर थी। उसे बेहतर इलाज के लिए केजीएमयू ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में चारों मजदूरों की मौत हो गई।

इन चार मजदूरों की गई जान

हादसे में इलिचपुर गांव निवासी पीतांबर रावत (35), संदीप रावत (25) और पवन रावत (25) की मौत हुई है। इनके अलावा सराय नजर गांव निवासी बलराम रावत (35) ने भी हादसे में जान गंवा दी। चारों मजदूरों की मौत की खबर से उनके गांव और परिवारों में मातम पसर गया। जो मजदूर रोजी-रोटी के लिए ईंटों की ढुलाई करने निकले थे, उन्हें क्या पता था कि शनिवार की सुबह उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूटने वाला है।

प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर खौफनाक मंजर, टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली गाड़ी

हादसे के बाद हाईवे पर मची अफरा-तफरी

ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने राहत कार्य कराया और स्थिति को संभाला। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे की मुख्य वजह ट्रैक्टर-ट्रॉली की हिच पिन टूटना बताई जा रही है। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर बैरिकेडिंग पर पलट गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

कोठी के प्रभारी निरीक्षक दीप सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतकों के परिवारों को दी गई, जिसके बाद परिजन मौके और अस्पताल पहुंचे। चार लोगों की एक साथ मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Location :  Lucknow

Published :  15 August 2026, 2:57 PM IST

Advertisement