सट्टे की लत ने बनाया बैंक अफसर को चोर: तिजोरी से गायब किया 5.5 करोड़ का सोना, तीन गिरफ्तार

फिरोजाबाद में बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से करोड़ों रुपये के सोना गायब होने के मामले में पुलिस ने क्रेडिट अधिकारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 June 2026, 10:39 AM IST
google-preferred

Firozabad: फिरोजाबाद में बैंक की तिजोरी से करोड़ों रुपये का सोना गायब होने के मामले ने सबको हैरान कर दिया है। जिस अधिकारी पर ग्राहकों के कीमती सामान की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी, उसी पर सोना चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया कि ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की लत ने बैंक अधिकारी को ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया। पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया की गांव भरौल शाखा से जुड़े क्रेडिट अधिकारी दिलीप कुमार, तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अदालत ने तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

तिजोरी से गायब हुआ गोल्ड लोन का सोना

पुलिस के अनुसार, बैंक की शाखा में गोल्ड लोन के बदले ग्राहकों के गहने जमा थे। इन्हीं गहनों में से करीब 5.5 किलो सोना गायब हो गया। इसकी कीमत करीब 5.50 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को बैंक के अंदर की भूमिका पर शक हुआ। इसके बाद कर्मचारियों से पूछताछ की गई, जिसमें क्रेडिट अधिकारी दिलीप कुमार की भूमिका सामने आई।

ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे में डूब गया अधिकारी

पूछताछ में दिलीप कुमार ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसे ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी की आदत लग गई थी। आरोप है कि इसी लत को पूरा करने के लिए उसने अप्रैल 2025 से बैंक की तिजोरी से सोना निकालना शुरू किया। वह धीरे-धीरे गोल्ड लोन के बदले जमा किए गए ग्राहकों के गहने तिजोरी से बाहर निकालता रहा।

फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात! पिता ने बेटी को उतारा मौत के घाट, बचाने आई पत्नी पर भी हमला

सोना बेचने के बजाय रखता था गिरवी

पुलिस जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई कि आरोपी सोने को सीधे बेचता नहीं था। दिलीप कुमार चोरी किए गए सोने को दूसरे बैंकों में गिरवी रखकर उसके बदले पैसा लेता था। इसके बाद उस रकम को ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे में लगा देता था। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस पूरे खेल में और कितने लोग शामिल थे।

दो गहने बरामद

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी किए गए सोने से जुड़े कुछ सामान बरामद किए हैं। जांच टीम ने एक करधनी और एक जोड़ी दस्ती बरामद की है। इसके अलावा अन्य गहनों और रकम की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।

फिरोजाबाद में पूर्व डीएम पर तहसीलदार के भ्रष्टाचार व वसूली के गंभीर आरोप, कोर्ट पहुंचा मामला

शाखा प्रबंधन की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव और स्टाफ अधिकारी नरेश कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि बैंक के अंदर इतनी बड़ी मात्रा में सोना गायब होने के बावजूद इसकी जानकारी समय रहते क्यों नहीं मिली। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था और रिकॉर्ड में कहां लापरवाही हुई।

Location :  Firozabad

Published :  19 June 2026, 10:39 AM IST

Advertisement