हिंदी
ट्रेनों में सीटों का भारी संकट (सोर्स- Pinterest)
Prayagraj : रक्षाबंधन पर्व से पहले घर लौटने की तैयारी कर रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रयागराज आने वाली प्रमुख ट्रेनों में सीटों का संकट गहरा गया है। दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, गुरुग्राम समेत कई बड़े शहरों से आने वाली ट्रेनों में 26 और 27 अगस्त को लंबी वेटिंग चल रही है। हालात ऐसे हैं कि कई ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो गया है।
त्योहार पर अपने भाई-बहनों और परिवार के साथ समय बिताने की उम्मीद लगाए बैठे यात्रियों को अब तत्काल टिकट और स्पेशल ट्रेनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
रक्षाबंधन से ठीक पहले प्रयागराज आने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। नई दिल्ली से प्रयागराज आने वाली दोनों वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयर कार में वेटिंग का आंकड़ा 100 के पार पहुंच गया है। वहीं यात्रियों की पसंदीदा ट्रेनों में शामिल प्रयागराज एक्सप्रेस और शिवगंगा एक्सप्रेस में भी कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। शिवगंगा एक्सप्रेस के एसी इकोनॉमी कोच में नो रूम की स्थिति बनी हुई है। स्लीपर और एसी श्रेणी में भी लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है।
इसके अलावा नई दिल्ली-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस, आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी सीटों की मारामारी है।
दिल्ली से प्रयागराज आने वाली अन्य प्रमुख ट्रेनों में भी यात्रियों को राहत नहीं मिल रही है। मगध एक्सप्रेस, नेताजी एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस और कालिंदी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी वेटिंग लगातार बढ़ रही है। नौकरी और पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोग रक्षाबंधन पर घर लौटना चाहते हैं, लेकिन टिकट की समस्या उनके लिए बड़ी चुनौती बन गई है।
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, मुंबई रूट से प्रयागराज आने वाले यात्रियों की परेशानी भी कम नहीं है। मुंबई से आने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं।
छत्रपति शिवाजी-आसनसोल एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस, कोलकाता मेल, गोदान एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, महानगरी एक्सप्रेस और कामायनी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ स्पेशल ट्रेनों में सीटें उपलब्ध हैं। एनसीआर के सीनियर पीआरओ डॉ. अमित मालवीय ने बताया कि यात्री स्पेशल ट्रेनों का लाभ उठा सकते हैं।
रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार से पहले रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले टिकट की उपलब्धता और ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
Location : Prayagraj
Published : 11 August 2026, 3:11 AM IST