हिंदी
जिलास्तरीय बैठक में गूंजा व्यापारियों के हितों का मुद्दा
Maharajganj: महराजगंज जिले के एक मैरेज हाल में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सोनौली, नौतनवा, बृजमनगंज, फरेंदा, कोल्हुई, सिसवा, निचलौल, पनियरा, ठूठीबारी सहित अन्य क्षेत्रों से सैकड़ों व्यापारी और पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात जिले के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं नगर इकाइयों के प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान व्यापारियों में संगठन के प्रति उत्साह और एकजुटता देखने को मिली।
Maharajganj News: पनियरा में विराट हिन्दू सम्मेलन का भूमि पूजन एवं जागरूकता रैली भव्य रूप से सम्पन्न
बैठक को संबोधित करते हुए प्रांतीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश का व्यापारी आज कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। टैक्स संबंधी जटिलताएं, बाजार में अव्यवस्था, प्रशासनिक दबाव और स्थानीय समस्याओं को लेकर संगठन निरंतर संघर्ष कर रहा है। उन्होंने व्यापारियों से संगठित रहने और अपनी समस्याओं को मंच के माध्यम से उठाने की अपील की। साथ ही भरोसा दिलाया कि संगठन हर स्तर पर व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के दौरान विभिन्न नगरों से आए व्यापारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को प्रांतीय अध्यक्ष के समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष फुलचंद सहित संजय गुप्ता, सुधीर अग्रहरि, अशोक गुप्ता, विवेक गुप्ता, सतीश मद्धेशिया, रतन गुप्ता, मनोज सिंघानिया, दुर्गेश कुमार सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं स्थानीय नगर कमेटियों से सोनौली अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, नौतनवा से संतोष जायसवाल, कोल्हुई अध्यक्ष श्रीराम जायसवाल, फरेंदा अध्यक्ष आसिफ जमाल, सिसवा
अध्यक्ष शिवकुमार, बहादुरी अध्यक्ष राजकुमार, ठूठीबारी अध्यक्ष अजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन संगठन को और मजबूत बनाने तथा व्यापारियों के हित में एकजुट होकर कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया।
Location : Maharajganj
Published : 21 December 2025, 6:53 PM IST
Topics : District issue Maharajganj Traders voice