चौरी गांव में अचानक पहुंचे जिलाधिकारी, पराली जलाने से किसानों को रोका, दी कड़ी चेतावनी

जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने चौरी गांव में फार्मर रजिस्ट्री और विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें खेतों में पराली जलाने की सूचना मिली, जिस पर वे मौके पर पहुंचे और किसानों को पर्यावरणीय नुकसान व कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने पराली न जलाने की अपील करते हुए गौसदन तक पराली पहुंचाने की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

Maharajganj: जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने रविवार को चौरी गांव का औचक निरीक्षण कर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तथा एसआईआर/विशेष मतदाता पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की प्रगति और पारदर्शिता की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ द्वारा फार्म वितरण एवं जमा प्रक्रिया की स्थिति का स्थलीय सत्यापन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार निरीक्षण के बीच जिलाधिकारी को जानकारी मिली कि गांव के कुछ किसान खेतों में पराली जलाने की गतिविधि में संलग्न हैं। सूचना प्राप्त होते ही डीएम स्वयं मौके पर पहुंचे और पराली जलाए जाने की स्थिति का जायजा लिया। उनके पहुंचते ही संबंधित किसानों को तत्काल पराली बुझाने के निर्देश दिए गए और मौके पर ही आग बुझा दी गई।

डीएम ने पराली जलाने से होने वाले नुक्सान को बताया

जिलाधिकारी ने किसानों से सीधे संवाद करते हुए स्पष्ट कहा कि पराली जलाना पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। इससे न सिर्फ वायु प्रदूषण बढ़ता है बल्कि मिट्टी की उपजाऊ शक्ति भी प्रभावित होती है। साथ ही यह कार्य कानूनन दंडनीय है, जिसे किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।

महराजगंज में महिला के घर में घुसकर मारपीट, सोने का आभूषण लूटे; 5 आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों का सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर है, लेकिन पर्यावरण संरक्षण में किसानों की भी समान जिम्मेदारी है।

डीएम ने ग्रामीणों को दिए सुझाव

डीएम ने ग्रामीणों को सुझाव दिया कि पराली खेतों में न जलाएं, बल्कि उसे एकत्र कर सुरक्षित स्थान पर रखें। उन्होंने निर्देश दिया कि गांव के प्रधान और खंड विकास अधिकारी की सहायता से पराली को स्थानीय गौसदन एवं गो-आश्रयों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि पराली प्रबंधन के लिए आवश्यक संसाधनों और सहयोग की कमी नहीं होने दी जाएगी।

महराजगंज में आधी रात हंगामा: जिला अस्पताल गेट पर टला बड़ा हादसा, तेज रफ्तार ट्रेलर ने तोड़ी रेलिंग

जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि सभी किसान पराली जलाने की प्रथा को पूरी तरह बंद करें और वैकल्पिक पराली प्रबंधन उपाय अपनाकर स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण निर्माण में सहभागी बनें।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 17 November 2025, 12:37 AM IST