हिंदी
महराजगंज के नौतनवा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम संतोष शर्मा ने जनपदवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। समाधान दिवस में राजस्व, चकबंदी, पुलिस, पेंशन, आवास और अवैध कब्जे सहित 105 से अधिक मामले सामने आए। डीएम ने कालाबाजारी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।
डीएम की जन सुनवाई
Maharajganj: नौतनवा तहसील में आज हुए संपूर्ण समाधान दिवस ने जनता की नाराजगी और गुस्से को उजागर कर दिया। कई गंभीर शिकायतें सामने आईं। जिनमें नाबालिक अपहरण, भूमि विवाद और सरकारी कर्मचारियों की लापरवाही शामिल हैं। डीएम संतोष शर्मा ने खुद फरियादियों की समस्याओं को सुना और यह संदेश दिया कि अब किसी की अव्यवस्था और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस समाधान दिवस में कुल लगभग 105 मामले दर्ज किए गए। इनमें राजस्व, चकबंदी, पुलिस से संबंधित शिकायतें, पेंशन, आवास और अवैध कब्जे जैसी समस्याएं शामिल थीं। डीएम संतोष शर्मा ने फरियादियों से बातचीत कर तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
महराजगंज में समाधान दिवस! डीएम संतोष शर्मा ने 105 से अधिक शिकायतें सुनी। नाबालिक अपहरण, अवैध कब्जे और सरकारी लापरवाही पर दिया सख्त संदेश@DmMaharajganj#Maharajganj #DMAction pic.twitter.com/QWPjWFkCP0
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) March 7, 2026
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जनपद में इन वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कालाबाजारी या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में छाए मामले भी बड़े गंभीर रहे। नौतनवा के छपवा में शहीद सैनिक पूरन थापा की प्रतिमा को सड़क निर्माण संस्था द्वारा अपमानजनक तरीके से उखाड़ने का मामला सामने आया, जिस पर डीएम ने तत्काल जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया।
महराजगंज में निजी स्कूलों की मनमानी पर शिकायत: गरीब बच्चों को प्रवेश नहीं, लगा वसूली का आरोप
शीला देवी पत्नी रामदरस ने आवास सूची से गलत तरीके से उनका नाम हटाए जाने की शिकायत की, जबकि ताल्ही निवासी अब्दुल सलीम ने लेखपाल पर रिश्वत लेने और काम न करने का आरोप लगाया। इसके अलावा नौतनवा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपनी नाबालिक बेटी के अपहरण के तीन महीने बाद भी बरामद न होने की शिकायत की।
पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में सुरेश चौधरी ने मारपीट के मामले में पुलिस की अनदेखी का आरोप लगाया। पर्यटन विभाग द्वारा देवदह में भूमि रजिस्ट्री के बाद भुगतान न करने और भूमिधरी पर ठेकेदार द्वारा अवैध पुलिया निर्माण की शिकायत भी सामने आई।
डीएम संतोष शर्मा ने कहा कि प्रशासन हर शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करेगा और किसी भी सरकारी लापरवाही या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्थानीय लोग इस पहल को न्याय और पारदर्शिता की जीत बता रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही सभी मामलों का समाधान होगा।