हिंदी
क्लॉक टावर
महराजगंज: नगर के बीचो-बीच स्थित सक्सेना चौराहे पर बना क्लॉक टावर अब अपनी पहचान खोता नजर आ रहा है। करीब डेढ़ साल पहले भव्य उद्घाटन के साथ जिस क्लॉक टावर को नगर की शान और नई पहचान के रूप में देखा जा रहा था, वह अब पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा है। बुधवार दोपहर को आई हल्की आंधी ने ही इसकी पोल खोल दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार गौरतलब है कि इस क्लॉक टावर का लोकार्पण महराजगंज के सांसद व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बड़े उत्साह के साथ किया था। नगरवासियों को उम्मीद थी कि यह टावर शहर की खूबसूरती को बढ़ाएगा और लोगों के लिए एक नया लैंडमार्क बनेगा। लेकिन मात्र डेढ़ साल में ही इसकी हालत जर्जर हो गई। बुधवार को आई मामूली आंधी में क्लॉक टावर पर लगा एसीपी पैनल पूरी तरह से उड़ गया। इसके साथ ही उसकी सजावट और सुंदरता भी खत्म हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक शहर का क्लॉक टावर उसकी पहचान होता है, लेकिन महराजगंज में इस पहचान के साथ खिलवाड़ हुआ है। हल्की आंधी में ही पैनल का उड़ जाना कहीं न कहीं निर्माण कार्य में हुई लापरवाही और भ्रष्टाचार को उजागर करता है। लोगों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे सरकारी धन की बर्बादी भी हुई।
जैसे ही घटना की जानकारी नगर पालिका प्रशासन को मिली, नगर पालिका की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उड़ चुके पैनल के टुकड़ों को इकट्ठा कर अपने कार्यालय ले गई। हालांकि इस पूरे प्रकरण पर अभी तक किसी भी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Location : Maharajganj
Published : 16 July 2025, 4:42 PM IST
Topics : Clock Tower Corruption Light Strom Maharajganj panel