Sonbhadra News: ‘नोटों की बारिश’ के तांत्रिक जाल में आदिवासी लड़कियों की तलाश, जानिए पूरा खौफनाक खेल

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में तांत्रिक पूजा के नाम पर अंधविश्वास और मानवाधिकार उल्लंघन का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आदिवासी लड़कियों को शिकार बनाने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि बाकी की तलाश जारी है।

Updated : 13 July 2025, 10:45 AM IST
google-preferred

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में अंधविश्वास की एक खौफनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। म्योरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो तांत्रिक पूजा के नाम पर पांच से छह फीट लंबी और शरीर पर गोदना (टैटू) रहित आदिवासी लड़कियों की तलाश कर रहा था। इस गिरोह का मकसद कथित तांत्रिक अनुष्ठानों के जरिए 'नोटों की बारिश' करवाना और ग्रामीणों को धोखे में रखकर उनका शोषण करना था।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस गिरोह के सदस्य कई गांवों में घूम-घूम कर लोगों को झांसा दे रहे थे कि एक खास तिलिस्मी पूजा से घर में नोटों की बारिश हो सकती है। लेकिन इसके लिए उन्हें एक विशेष शारीरिक बनावट वाली आदिवासी लड़की की आवश्यकता है- जिसकी लंबाई पांच फीट छह इंच हो और शरीर पर कोई गोदना (टैटू) न हो।

अंधविश्वास की आड़ में मानव तस्करी की तैयारी

गिरोह के सदस्य ग्रामीणों को भरोसे में लेकर, इस पूजा में भागी बनने वाली लड़की को लाने पर 'आकर्षक इनाम' देने का लालच भी दे रहे थे। यह सिलसिला कई दिनों से गांव-गांव में चल रहा था, जिससे कुछ ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

Tantric Ritual Scam Sonbhadr

प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)

शनिवार को थानाध्यक्ष कमलनयन दुबे के नेतृत्व में म्योरपुर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए गिरोह के दो सदस्यों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुछ तांत्रिक सामग्री, झांसे में लेने वाले पर्चे और ग्रामीणों की सूची बरामद की गई है।

लालच, साजिश और अंधविश्वास का खौफनाक खेल

थानाध्यक्ष दुबे ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोग एक गुप्त पूजा के जरिए धनवर्षा करवाने का दावा करते थे, और इसके लिए खास तरह की आदिवासी लड़कियों की जरूरत बता रहे थे। पुलिस ने आरोपियों पर अंधविश्वास फैलाने, मानवाधिकारों के उल्लंघन, धोखाधड़ी की साजिश सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

इस साजिश की एक खतरनाक परत यह भी है कि यह गिरोह मानव तस्करी के इरादे से भी जुड़ा हो सकता है। पुलिस इस ऐंगल से भी जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

आदिवासी बेटियों पर तंत्र-मंत्र की साजिश

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि तांत्रिक पूजा और अंधविश्वास के नाम पर ऐसी गतिविधियां क्षेत्र में पहले भी देखने को मिली हैं, लेकिन इस बार यह साजिश बच्चों और किशोरियों को निशाना बना रही थी, जो बेहद खतरनाक संकेत है।

सामाजिक कार्यकर्ता मीना गोड़ ने इसे एक गंभीर मानवीय और सामाजिक संकट बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अंधविश्वास फैलाने वाले गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाए और आदिवासी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जाए।

सोनभद्र में हुई इस अंधविश्वास की घटना से लोगों में सनसनी है, इस घटना से यह समझा जा सकता है कि किस तरह तंत्र-मंत्र के नाम पर भोली-भाली आदिवासी आबादी को निशाना बनाया जा रहा है।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 13 July 2025, 10:45 AM IST

Advertisement
Advertisement