हिंदी
गोला तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं को करारा झटका दिया है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट
अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई
Gorakhpur: गोला तहसील क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन माफियाओं को करारा झटका दिया है। बड़हलगंज थाना क्षेत्र के खड़ेसरी गांव में खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार भोर में छापेमारी कर अवैध खनन में संलिप्त पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर को मौके से पकड़ लिया। सभी वाहनों को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द करते हुए सीज कर दिया गया है।
खनन इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन करने वालों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि सरयू नदी के तटवर्ती इलाकों में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद खनन माफिया बेखौफ होकर नदी किनारे से मिट्टी का दोहन कर रहे थे, जिससे पर्यावरण को भी गंभीर नुकसान पहुंच रहा था।
प्रभारी निरीक्षक बड़हलगंज सुनील कुमार राय ने बताया कि बुधवार तड़के प्राप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से खड़ेसरी गांव के पास सरयू नदी किनारे दबिश दी। मौके पर अवैध रूप से मिट्टी खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक लोडर पाए गए। जब वाहन चालकों से खनन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके
नियमानुसार सभी वाहनों को मौके से जब्त कर बड़हलगंज कोतवाली लाया गया, जहां उन्हें सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे नदी के अस्तित्व और आसपास के गांवों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराता है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत करते हुए मांग की है कि ऐसी कार्रवाई लगातार होती रहनी चाहिए, ताकि सरयू नदी को अवैध दोहन से बचाया जा सके।
Gorakhpur News: नौकरी की उम्मीद पड़ी भारी, सामने आई चौंकाने वाली घटना
खनन विभाग और पुलिस अधिकारियों ने दो टूक कहा है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी हाल में खनन माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।