हिंदी
लाश को देखकर मौके पर छाया मातम
Bareilly: रेलवे ट्रैक पर एक पल की चूक और खुशियों से भरा परिवार मातम में बदल गया। भोजीपुरा इलाके में ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। जिस घर में कुछ दिन पहले शादी की खुशियां गूंज रही थी, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा है। हादसा इतना अचानक था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही युवक की जान चली गई।
रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम दभौरा में रेलवे क्रॉसिंग के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ट्रेन नंबर 15044 डाउन काठगोदाम से लखनऊ जाने वाली ट्रेन की चपेट में आने से युवक करन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
दिल्ली से ससुराल आया था करन
मृतक की पहचान 23 वर्षीय करन सिंह पुत्र पप्पू के रूप में हुई है, जो लाल बिहार नागलोई दिल्ली का रहने वाला था। करन अपनी पत्नी सविता के साथ सोमवार 2 फरवरी को अपने ससुराल ग्राम दभौरा आया था। वह अपने साले के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए यहां पहुंचा था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
करन का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उसके पिता की करीब 20 साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी थी और कुछ समय बाद मां का भी निधन हो गया था। बचपन में ही अनाथ होने के बाद करन अपने ताऊ ताराचंद के साथ दिल्ली चला गया, जहां रहकर वह फर्नीचर का काम करता था। करन को परिवार में एक होनहार और मेहनती युवक के रूप में जाना जाता था। उसकी शादी 24 नवंबर 2024 को ग्राम दभौरा से हुई थी। खास बात यह रही कि उसी दिन उसकी बहन पिंकी की शादी भी एक ही मंडप में हुई थी। करन का एक 15 वर्षीय छोटा भाई भी है।
गेटमैन ने दी सूचना
घटना की सूचना रेलवे गेटमैन जकिर हुसैन ने तुरंत 112 पर दी। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक संदेश कुमार मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। करन का परिवार फिलहाल फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के लोहार नगला में रहता है।
गेटमैन ने लगाया था शोर
गेटमैन जकिर हुसैन के मुताबिक, फाटक और घटनास्थल के बीच करीब 70 कदम की दूरी है। गेट बंद करने के बाद वह ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी उसकी नजर ट्रैक के किनारे चलते करन पर पड़ी। उसने जोर से आवाज लगाई, लेकिन तब तक ट्रेन आ चुकी थी। गेटमैन ने बताया कि ट्रेन चालक लगातार हॉर्न बजा रहा था, लेकिन करन नहीं सुन सका। आशंका जताई जा रही है कि करन के कानों में हेडफोन लगा हो, हालांकि मौके से पुलिस को कोई मोबाइल या हेडफोन बरामद नहीं हुआ।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों को स्पष्ट करने में जुटी है।
Location : Bareilly
Published : 5 February 2026, 8:33 PM IST