हिंदी
सोनभद्र: बभनी थाना क्षेत्र के चीकूटोला गांव में आज मंगलवार सुबह एक 29 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के बरामदे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान कपिल देव पुत्र भगवान दास के रूप में हुई है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है, और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, कपिल देव की पत्नी चंद्रावती ने इस घटना के बारे में चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उनके पति ने उन्हें कमरे में बंद कर खुद फांसी लगा ली। जब उन्होंने दरवाजा खोला, तो देखा कि उनका पति फंदे पर लटक रहा था। इस घटना के बाद चंद्रावती ने फंदा काट दिया, लेकिन तब तक उनकी पति की मौत हो चुकी थी। हैरानी की बात यह है कि उन्होंने इस दर्दनाक घटना की जानकारी अपने सास-ससुर को सुबह छह बजे दी, जब तक कि काफी देर हो चुकी थी।
मृतक की मां फूलमत और पिता भगवान दास को जब बेटे की मौत की खबर मिली, तो वे दहाड़ मारकर रोने लगे। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े चले आए, और कुछ ही देर में ग्राम प्रधान गायत्री देवी और उनके पति नंदकुमार भी मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाने के प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव का पंचनामा कराकर उसे दुद्धी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता भगवान दास की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है और मौत के असल कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने गांववासियों को हिलाकर रख दिया है। ग्रामीणों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि पत्नी ने पती को देखा, तो उन्होंने तुरंत परिवार को सूचित क्यों नहीं किया। क्या यह केवल आत्महत्या है, या इसके पीछे कोई गहरा राज छिपा है? पुलिस का कहना है कि फिलहाल जांच जारी है, और यह मामला संदेह के घेरे में है।
घटना के मामले में जांच के परिणाम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस घटना की वास्तविकता क्या है।
Location : Sonbhadra
Published : 20 May 2025, 12:32 PM IST