हिंदी
घटनास्थल पर पूछताछ करती पुलिस (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sonbhadra: जिले के चोपन थाना क्षेत्र के वार्ड 11 में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक ढके हुए कुएं के अंदर अज्ञात शव मिलने की सूचना सामने आई। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध महसूस की जा रही थी। पहले तो लोगों ने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन दुर्गंध लगातार बढ़ने पर इसकी जानकारी कुएं के मालिक को दी गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर बदबू के स्रोत की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान जब लोग कुएं के पास पहुंचे तो वहां से तेज दुर्गंध आने की पुष्टि हुई। टॉर्च की रोशनी डालकर देखने पर कुएं के अंदर एक शव दिखाई दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद कुएं पर लगी पटिया हटाकर शव को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। डाला नगर पंचायत के कर्मचारियों और प्रशासन की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे उसकी पहचान तत्काल संभव नहीं हो सकी। हालांकि मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला है, जिसकी मदद से उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि जब कुआं पहले से ढका हुआ था तो शव उसके अंदर पहुंचा कैसे। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह किसी सुनियोजित साजिश का नतीजा हो सकता है और किसी ने जानबूझकर शव को कुएं में डालकर उसे ढक दिया होगा।
Sonbhadra: सम्मानजनक वेतन और नौकरी सुरक्षा के लिए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने किया आंदोलन
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sonbhadra
Published : 6 May 2026, 12:54 PM IST