हिंदी
सोनभद्र के दुद्धी क्षेत्र के मलदेवा गांव में बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। बच्ची के परिजनों के अनुसार, महिला और उसके साथी ने बच्ची को अकेला देखकर पकड़ने की कोशिश की थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
चोरी के शक में बुजुर्ग महिला गिरफ्तार
Sonbhadra: दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के मलदेवा गांव में मंगलवार देर रात बच्चा चोरी की आशंका ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब महिला से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव की एक बच्ची को कथित रूप से पकड़कर ले जाने की कोशिश की जा रही थी। यह देख बच्ची के परिजन चिल्लाने लगे और शोर सुनकर आसपास के लोग भीड़ के रूप में मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए तुरंत दुद्धी कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के पहुंचने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची और उसके परिजनों को थाने बुलाया गया, जबकि बुजुर्ग महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू की गई। परिजनों का आरोप है कि महिला और उसके दो साथी बच्ची को अकेला देखकर उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। परन्तु बच्ची के शोर मचाने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और महिला को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य साथी भागने में सफल रहे।
नैनीताल माल रोड के होटल में अचानक हड़कंप, देर रात मची अफरा तफरी; जानिये पूरा मामला
बताया जा रहा है कि दुद्धी क्षेत्र में हाल के दिनों में यह तीसरी घटना है, जिसमें बच्चा चोरी की आशंका के चलते ग्रामीणों में डर और अफरा-तफरी फैली। इससे पहले पकड़े गए कुछ लोग मानसिक रूप से विक्षिप्त पाए गए थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार दो लोगों की तलाश में लगी हुई है।
घटना ने मलदेवा गांव में सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी को सतर्क रहना होगा। पुलिस प्रशासन ने भी जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जानिये क्या है इच्छामृत्यु, कानून को लेकर क्या संविधान में प्रावधान, क्या हुआ सुप्रीम कोर्ट में…
फिलहाल बुजुर्ग महिला से पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। इस घटना ने सोनभद्र में बच्चा चोरी की अफवाहों और भय का माहौल बढ़ा दिया है।