कंधे पर कांवड़, पैरों में स्केट्स… बाबा के लिए दो बच्चों की ऐसी भक्ति देख आप भी करेंगे सलाम

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान दो नन्हे शिवभक्त भाई-बहन अपनी अनोखी भक्ति से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। नंदिनी और युग नागर स्केटिंग करते हुए हरिद्वार से गाजियाबाद तक कांवड़ लेकर जा रहे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 August 2026, 3:53 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : सावन के महीने में शिवभक्ति के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कोई पैदल कांवड़ लेकर भोलेनाथ के दरबार जा रहा है तो कोई अपनी आस्था और संकल्प से लोगों को प्रेरित कर रहा है। मुजफ्फरनगर में दो नन्हे शिवभक्त भाई-बहन अपनी अनोखी कांवड़ यात्रा को लेकर चर्चा में हैं।

नंदिनी और युग नागर स्केटिंग करते हुए हरिद्वार से गाजियाबाद के लिए कांवड़ लेकर निकले हैं। दोनों बच्चों का अंदाज देखकर हर कोई हैरान है। खास बात यह है कि यह उनकी दूसरी स्केटिंग कांवड़ यात्रा है।

बाबा की सेहत के लिए उठाई कांवड़

नन्हे शिवभक्तों ने बताया कि उनके बाबा की तबीयत अक्सर खराब रहती है। इसी वजह से दोनों भाई-बहन ने भगवान शिव से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

नंदिनी ने बताया कि उनकी इच्छा है कि बाबा जल्द ठीक हो जाएं और वह अपने देश का नाम रोशन करें। इसी संकल्प के साथ वह स्केटिंग करते हुए कांवड़ यात्रा पूरी कर रही हैं।

स्केटिंग में जीत चुके हैं गोल्ड मेडल

नंदिनी और युग सिर्फ कांवड़ यात्रा ही नहीं, बल्कि स्केटिंग में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। दोनों भाई-बहन कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुके हैं। हाल ही में चिपियाना में आयोजित ओपन स्टेट रेस प्रतियोगिता में दोनों ने गोल्ड मेडल हासिल किया। नंदिनी अंडर-14 और युग अंडर-12 वर्ग में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का सपना

दोनों बच्चों का सपना सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं है। इससे पहले भी दोनों भाई-बहन गाजियाबाद से अयोध्या तक स्केटिंग करते हुए यात्रा कर चुके हैं। नंदिनी ने बताया कि उनके पास पहले से दो वर्ल्ड रिकॉर्ड हैं और इस यात्रा के बाद तीसरा रिकॉर्ड बनाने की उम्मीद है। उनका अगला लक्ष्य गाजियाबाद से कन्याकुमारी तक स्केटिंग करते हुए यात्रा करना है।

मुजफ्फरनगर पहुंचकर बढ़ा हौसला

मुजफ्फरनगर पहुंचने पर दोनों बच्चों का लोगों ने उत्साह बढ़ाया। नंदिनी ने कहा कि गुरुदेव के आशीर्वाद से अभी तक उन्हें यात्रा के दौरान कोई चोट नहीं लगी है और वह आगे भी सुरक्षित अपनी यात्रा पूरी करने की उम्मीद रखती हैं।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  9 August 2026, 4:53 AM IST

Related News

Advertisement