हिंदी
सिद्धार्थनगर: हेलीकाप्टर रेस्क्यू (Source:Dynamite News)
Siddharthnagar: जनपद के काशीराम आवासीय कॉलोनी में शनिवार से चल रहा सांसें रोक देने वाला ड्रामा आखिरकार रविवार को सुखद अंत के साथ समाप्त हुआ। रील बनाने के चक्कर में पानी की टंकी की जर्जर सीढ़ी टूटने से 50 फीट की ऊंचाई पर फंसे दो किशोरों को भारतीय सेना के हेलिकॉप्टर ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया है। इस सफल ऑपरेशन के बाद परिजनों और जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
ब्रेकिंग न्यूज़: सिद्धार्थनगर में सेना का 'ऑपरेशन देवदूत' सफल!
रील बनाने के चक्कर में मौत की टंकी पर 18 घंटे से फंसे दो किशोरों को भारतीय सेना के हेलिकॉप्टर ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। जर्जर सीढ़ी टूटने से ऊंचाई पर ही अटक गई थी जान।
हादसे में अब तक 1 की मौत, 2 घायल। भारतीय… pic.twitter.com/EJmdQYMbbj
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 3, 2026
यह पूरी घटना शनिवार दोपहर उस समय शुरू हुई जब पांच किशोर सोशल मीडिया के लिए रोमांचक रील बनाने के इरादे से पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। रील बनाने के बाद नीचे उतरते समय अचानक टंकी की पुरानी सीढ़ी भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में तीन किशोर सीधे नीचे गिरे, जिनमें से 13 वर्षीय सिद्धार्थ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शनि (11) और गोलू (14) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
सीढ़ी पूरी तरह टूट जाने के कारण 16 वर्षीय पवन और 14 वर्षीय कल्लू टंकी के सबसे ऊपरी हिस्से पर ही फंस गए। स्थानीय पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने शनिवार पूरी रात उन्हें उतारने की कोशिश की, लेकिन ऊंचाई अधिक होने और संसाधनों की कमी के कारण सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सेना की मदद मांगी गई।
रविवार सुबह जैसे ही सेना का हेलिकॉप्टर आसमान में नजर आया, नीचे खड़े हजारों लोगों की उम्मीदें जाग उठीं। विशेष रूप से प्रशिक्षित कमांडो ने रस्सी के सहारे नीचे उतरकर दोनों किशोरों को एक-एक कर सुरक्षित हेलिकॉप्टर में खींच लिया। लगभग 18 घंटे तक मौत और जिंदगी के बीच झूल रहे दोनों किशोरों के सुरक्षित नीचे आते ही पूरा इलाका 'भारत माता की जय' के नारों से गूंज उठा।
Location : Siddharthnagar
Published : 3 May 2026, 6:18 AM IST