हिंदी
मुजफ्फरनगर पुलिस का 'ऑपरेशन सवेरा(Source: Google)
Muzaffarnagar: जनपद मुजफ्फरनगर में 'ऑपरेशन सवेरा' के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार रात नई मंडी कोतवाली पुलिस और उड़ीसा-आंध्र प्रदेश से गांजे की तस्करी करने वाले गिरोह के बीच दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे 58 पर भीषण मुठभेड़ हो गई। इस कार्रवाई में पुलिस ने 250 किलो अवैध गांजे के साथ पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं, जबकि तीन को घेराबंदी कर खेत से पकड़ा गया।
मुजफ्फरनगर में बड़ी मुठभेड़! NH-58 पर नई मंडी पुलिस ने 5 शातिर नशा तस्करों को दबोचा। मुठभेड़ में 2 बदमाश गोली लगने से घायल। कब्जे से 250 किलो गांजा (कीमत ₹30 लाख), क्रेटा और पिकअप बरामद। उड़ीसा-आंध्र बॉर्डर से लाते थे नशा। #OperationSavera #MuzaffarnagarPolice #Encounter… pic.twitter.com/TpMbzjtJ5a
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 3, 2026
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, पुलिस टीम बागोवाली चौकी के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि सिसोना की तरफ से एक पिकअप और एक क्रेटा गाड़ी में भारी मात्रा में नशा लेकर तस्कर आ रहे हैं। पुलिस ने जब घेराबंदी की, तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पीछा करने पर बदमाशों की गाड़ियां सिसोना रजवाहे के पास पतले रास्ते में फंस गईं, जिसके बाद बदमाश गन्ने के खेत में छिपकर गोलियां चलाने लगे।
पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में सुल्तान (निवासी कैराना) और गुड्डू (निवासी छापर) के पैर में गोली लगी। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर भाग रहे आमिर उर्फ किफायतुल्लाह, जितेंद्र और सोनू को पुलिस ने खेत में कांबिंग चलाकर धर दबोचा। पुलिस ने मौके से दो गाड़ियां, तीन अवैध तमंचे और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी आमिर पुरकाजी का रहने वाला है और वह पहले भी 8 कुंतल गांजे की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
पूछताछ में तस्करों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह गिरोह उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के बॉर्डर से गांजा लाकर पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सप्लाई करता था। बरामद 250 किलो गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से सक्रिय था। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सफेदपोशों की तलाश में जुट गई है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 3 May 2026, 4:53 AM IST