हिंदी
सोनभद्र में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चियों की मौत(Source: Google)
Sonbhadra: जनपद के बभनी थाना क्षेत्र के चौना गांव में शनिवार शाम कुदरत का कहर बरपा। तेज आंधी और बारिश के दौरान आम बीनने गई दो मासूम बच्चियों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक 12 वर्षीय बालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद से ही गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, चौना गांव निवासी अर्चना (9 वर्ष) पुत्री विष्णु दयाल और आस्था (8 वर्ष) पुत्री राजेश कुमार शनिवार शाम को आई तेज आंधी के दौरान घर के पास स्थित बगीचे में आम बीनने गई थीं। इसी दौरान अचानक मौसम और खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। अभी बच्चियां सुरक्षित स्थान की ओर भाग पातीं, तभी तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिरी, जिसकी चपेट में दोनों मासूम बच्चियां आ गईं।
इस दर्दनाक हादसे के समय कुछ दूरी पर खड़ा हर्ष (12 वर्ष) पुत्र देवनारायण भी बिजली के झटके की चपेट में आ गया। वह झटके के कारण जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसका एक हाथ फैक्चर हो गया है। घायल बालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार सुनकर पूरे गांव के लोग इकट्ठा हो गए। मासूम बच्चियों के शव देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही बभनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को हादसे की जानकारी दी है। गांव वालों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य औपचारिकताओं के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sonbhdadra
Published : 3 May 2026, 5:46 AM IST