हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो
Lucknow: उत्तर प्रदेश में ठंड लगातार अपना असर दिखा रही है। रात के तापमान में गिरावट जारी है और कई जिलों में पारा सामान्य स्तर से काफी नीचे पहुंच गया है। आज शनिवार की सुबह कानपुर शहर में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। वहीं इटावा और मुजफ्फरनगर में पारा 5.4 डिग्री तक पहुंच गया। प्रदेशभर में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है।
4 डिग्री तक होने की संभावना
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र (लखनऊ) के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार से प्रदेश में हवाओं की दिशा में बदलाव होने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से अरब सागर की ओर से नमी वाली हवाएं उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ेंगी। इसके कारण रात के तापमान में अगले 3-4 दिनों में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
कौन है घूंघट में गिटार बजाने वाली नवेली दुल्हन तान्या? उत्तरखंड में शादी और गाजियाबाद में चमका हुनर
पिछले 24 घंटों में दिन का पारा 1.8 डिग्री नीचे आया
उन्होंने बताया कि वर्तमान में उत्तरी पश्चिमी हवाओं और उत्तर ध्रुवीय क्षेत्र से आ रही ठंडी हवाओं के चलते तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। जेट स्ट्रीम के दक्षिण की ओर खिसकने से भी प्रदेश में ठंड और धुंध का असर बढ़ गया है। इसी वजह से गुरुवार को भी अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। पिछले 24 घंटों में दिन का पारा 1.8 डिग्री नीचे आया। दिनभर धूप कमजोर रही और हल्की धुंध छाई रही।
घने कोहरे का अलर्ट जारी नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि हालांकि तापमान में मामूली बढ़त देखने को मिलेगी, लेकिन कोहरा अभी भी बना रहेगा। यह कोहरा हल्के से मध्यम स्तर तक रह सकता है। विभाग ने फिलहाल किसी भी जिले के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी नहीं किया है।
अखिलेश यादव ने कफ सीरप कांड में योगी सरकार को घेरा: कहा- अब घर तोड़ने वाला वाहन कहां गायब हो गया?
जल्द ही तापमान में उतार-चढ़ाव बढ़ेगा
प्रदेश के मैदानी इलाकों में विशेष रूप से रात के समय पारा तेजी से गिर रहा है। कई जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी 200 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों के लिए भी यह ठंड चुनौती बन रही है, क्योंकि पाले के असर से फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ जाती है। अतुल कुमार सिंह ने कहा कि जैसे ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, हवाओं का रुख बदलने से तापमान में उतार-चढ़ाव बढ़ेगा। दिन में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह और रात की ठंड फिलहाल जारी रहेगी।
Location : Lucknow
Published : 6 December 2025, 6:48 AM IST
Topics : Lucknow News UP News Winter update