हिंदी
जिलाधिकारी अविनाश सिंह (IMG: Dynamite News)
Bareilly: सावन में निकलने वाली विशाल कांवड़ यात्रा के बीच बरेली प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिले में लाखों कांवड़ियों की आवाजाही और शहर की सड़कों पर लगने वाले भारी जाम को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सरकारी और निजी स्कूलों से लेकर कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और तकनीकी संस्थानों तक में चार सोमवार विद्यार्थियों के लिए अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त को जिले के सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। यह फैसला सावन के दौरान निकलने वाली कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखकर लिया गया है, जिसमें हर सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु बरेली पहुंचते हैं।
बरेली के प्रभा सिनेमा में लगी भीषण आग, तीन घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रशासन के अनुसार सावन के प्रत्येक सोमवार से पहले रविवार रात से ही हजारों कांवड़िए बरेली के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए पहुंचने लगते हैं। सोमवार सुबह भगवान शिव का जलाभिषेक करने के बाद श्रद्धालु अलग-अलग मार्गों से अपने गंतव्य की ओर लौटते हैं। इस दौरान शहर की प्रमुख सड़कें घंटों तक जाम की चपेट में रहती हैं। कई जगह यातायात डायवर्ट करना पड़ता है, जिससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक बरेली महानगर के सभी सरकारी और निजी स्कूल, चाहे वे यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई या किसी अन्य बोर्ड से संचालित हों, इस आदेश के दायरे में आएंगे। इसके अलावा दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी महाविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य शिक्षण संस्थानों में भी विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा। प्रशासन ने सभी संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
बरेली के अल्ट्रासाउंड सेंटर पर गंभीर आरोप, रिपोर्ट देखकर उड़ गए मरीज परिवार के होश
चारों सोमवार विद्यार्थियों की कक्षाएं पूरी तरह बंद रहेंगी, लेकिन शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को संस्थानों में उपस्थित रहना होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवकाश केवल छात्रों के लिए घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि इन तिथियों पर किसी विश्वविद्यालय, शिक्षा बोर्ड या आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा आयोजित होनी है तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी। परीक्षा कार्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा।
Location : Bareilly
Published : 1 August 2026, 12:37 PM IST