हिंदी
छात्राओं ने एसएसबी जवानों को बांधी राखी
Maharajganj : सिसवा क्षेत्र के वीसोखोर स्थित सी.बी.एस. पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने गुरुवार को झुलनीपुर स्थित सीमा सुरक्षा बल (SSB) कैंप पहुंचकर जवानों के साथ रक्षाबंधन का पावन पर्व मनाया।
इस दौरान छात्राओं ने देश की रक्षा में तैनात जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, जवानों ने भी छात्राओं को उनकी सुरक्षा और स्नेह का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक अरुण ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैद जवानों के कारण ही हम सभी देशवासी सुरक्षित हैं। रक्षाबंधन का पर्व केवल सगे भाई-बहनों तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के रक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करने का भी एक अनूठा अवसर है। उन्होंने कहा कि बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।
राखी बांधने के बाद स्कूली बच्चों और SSB जवानों ने एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। जवानों ने बच्चों को दुलारते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किए।
इस भावुक और उत्साहपूर्ण अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मानव मेहता, अध्यापिकाएं शिवानी और शालिनी, शिक्षक नागेश्वर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Location : Maharajganj
Published : 27 August 2026, 1:33 PM IST