हिंदी
पत्नी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद घर में सन्नाटा छा गया। रात में सत्येंद्र की 11 वर्षीय बेटी भूमि और 7 वर्षीय बेटा प्रथम अपने ताऊ जितेंद्र के घर चले गए। घर में सत्येंद्र अकेले रह गए। देर रात उन्होंने कमरे के अंदर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी
Prayagraj: गांव की शांत फिजा में अचानक मातम पसर गया, जब एक ही घर से दो दर्दनाक खबरें सामने आई। पहले पत्नी ने सिंदूर खाकर जान देने की कोशिश की और कुछ ही घंटों बाद पति ने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। ग्राम पंचायत गौरा में हुई इस घटना ने हर किसी को सन्न कर दिया है। घरेलू विवाद ने देखते-देखते एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया।
क्या है पूरा मामला
कौंधियारा थाना क्षेत्र के गौरा गांव निवासी विद्याकांत तिवारी मुंबई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उनके दोनों बेटे जितेंद्र और 32 वर्षीय सत्येंद्र तिवारी भी मुंबई में काम करते थे, हालांकि गांव में दोनों भाइयों का परिवार अलग-अलग रहता है। करीब एक सप्ताह पहले सत्येंद्र गांव आया था। बताया जा रहा है कि उसे नशे की लत थी और इसी बात को लेकर पत्नी भारती से अक्सर विवाद होता रहता था।
दोनों के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया था कि मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन बातचीत के बाद समझौता हो गया था। गुरुवार दोपहर फिर से कहासुनी शुरू हुई और विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गुस्से और तनाव में आकर भारती ने सिंदूर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही कौंधियारा पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
रात में उठाया खौफनाक कदम
पत्नी के अस्पताल में भर्ती होने के बाद घर में सन्नाटा छा गया। रात में सत्येंद्र की 11 वर्षीय बेटी भूमि और 7 वर्षीय बेटा प्रथम अपने ताऊ जितेंद्र के घर चले गए। घर में सत्येंद्र अकेले रह गए। देर रात उन्होंने कमरे के अंदर पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। शुक्रवार सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को शक हुआ। ऊपर से झांककर देखा तो सत्येंद्र का शव फंदे से लटकता मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया। कमरे की तलाशी ली गई, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
पुलिस की जांच जारी
थाना प्रभारी कुलदीप शर्मा के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और हर पहलू की जांच की जा रही है। इस घटना ने दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया। गांव में मातम पसरा है और लोग यही कह रहे हैं कि काश यह विवाद इतना न बढ़ता।