हिंदी
बदायूं में दर्दनाक हादसा (IMG: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं में रविवार को निर्माणाधीन मकान का लेंटर अचानक भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। उसहैत थाना क्षेत्र के नौगवां नसीर नगर गांव में लेंटर डालने के दौरान सपोर्ट टूट गई और पूरा लेंटर नीचे आ गिरा। हादसे के वक्त मौके पर काम कर रहे तीन लोग मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से तीनों को मलबे से बाहर निकाला। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा रविवार को नौगवां नसीर नगर गांव में हुआ। यहां रहने वाले दलवीर के निर्माणाधीन मकान का लेंटर डाला जा रहा था। बताया गया कि लेंटर का काम चल रहा था और इसी दौरान अचानक उसकी सपोर्ट टूट गई। सपोर्ट टूटते ही लेंटर का हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। उसके नीचे काम कर रहे तीन लोग मलबे में दब गए। अचानक हुए हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल उसहैत थाना पुलिस को सूचना दी और मलबा हटाने के लिए जेसीबी मंगवाई। ग्रामीणों और पुलिस की मौजूदगी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। तीनों को तत्काल उसहैत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सीएचसी उसहैत में उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अवनीश (30) पुत्र राजपाल, निवासी मदनपुर, थाना कलां, जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई है। बताया गया कि अवनीश रिश्तेदारी में नौगवां नसीर नगर आया था और मकान में लेंटर डलवाने के काम में मदद कर रहा था। हादसे के बाद उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बदायूं में दर्दनाक हादसा: अंतिम संस्कार से लौट रहे बाइक सवार को कार ने मारी टक्कर, एक की मौत
हादसे में घायल दो लोगों की पहचान दलवीर (28) पुत्र धर्मपाल और चंद्रभान (29) पुत्र रतन सिंह, दोनों निवासी नसीर नगर, थाना उसहैत के रूप में हुई है। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बदायूं जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एक घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद उसहैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक अवनीश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया लेंटर की शटरिंग कमजोर होने और सपोर्ट ठीक तरीके से नहीं लगाए जाने की वजह से हादसा होने की आशंका है।
Location : Budaun
Published : 20 September 2026, 8:38 PM IST