रसूलाबाद में फिर बदलने वाले हैं समीकरण? 2017 वाली कहानी दोहराने की आहट! पढ़ें पूरी खबर

कानपुर देहात के रसूलाबाद में 2027 चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज, पूर्व विधायक निर्मला संखवार ने डिप्टी सीएम और परिवहन मंत्री से मुलाकात कर स्वास्थ्य और बस सेवा की मांग उठाई।

Post Published By: MOHIT BATHAM KANPUR
Updated : 29 March 2026, 6:10 PM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर देहात के रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। क्षेत्र की राजनीति एक बार फिर सक्रिय होती नजर आ रही है। पूर्व विधायक निर्मला संखवार की लगातार बढ़ती सक्रियता ने चुनावी माहौल को गर्म कर दिया है।

डिप्टी सीएम से शिष्टाचार भेंट

हाल ही में निर्मला संखवार ने लखनऊ पहुंचकर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याओं को उठाया। खासतौर पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को लेकर उन्होंने विस्तार से चर्चा की और सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया।

2017 की जीत और राजनीतिक पृष्ठभूमि

गौरतलब है कि निर्मला संखवार ने वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर पहली बार रसूलाबाद विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। यह जीत इसलिए भी खास मानी गई क्योंकि 2012 में अस्तित्व में आए इस क्षेत्र में शुरुआती दौर में समाजवादी पार्टी का प्रभाव रहा था।

सपा-बसपा का रहा वर्चस्व

रसूलाबाद क्षेत्र के गठन से पहले बिल्हौर और डेरापुर विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का दबदबा रहा है। ऐसे में 2017 में भाजपा की जीत ने राजनीतिक समीकरण बदल दिए थे और इसे पार्टी की बड़ी उपलब्धि माना गया था।

Kanpur Dehat News: कानपुर देहात में फिर दिखा तेज रफ्तार का कहर, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल

परिवहन मंत्री को सौंपा मांग पत्र

लखनऊ दौरे के दौरान निर्मला संखवार ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने एक मांग पत्र सौंपते हुए क्षेत्र में रोडवेज बस सेवा शुरू कराने की मांग की। प्रस्तावित रूट में बिरहुन, असालतगंज और रसूलाबाद को जिला मुख्यालय माती व कानपुर से जोड़ने की बात कही गई है।

क्षेत्रीय कनेक्टिविटी पर जोर

पूर्व विधायक का मानना है कि यदि यह बस सेवा शुरू होती है तो इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए आने-जाने में भी काफी सहूलियत होगी।

रेलवे ट्रैक पर मिला शव, रातभर नहीं हो सकी पहचान; सुबह एक फोटो ने बदल दी पूरी कहानी

बढ़ती सक्रियता से बढ़ी चर्चाएं

निर्मला संखवार की लगातार जनसंपर्क गतिविधियां और सरकारी अधिकारियों से मुलाकातों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया है। इसे आगामी चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि इस विषय में उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  29 March 2026, 6:08 PM IST

Advertisement