गोरखपुर : रेबीज के लक्षणों वाली गाय के दूध से बना चरणामृत बांटने पर हड़कंप, 50 लोगों को लगा टीका

गोला थाना क्षेत्र के डाड़ी गांव में रेबीज के लक्षणों से पीड़ित बताई जा रही गाय का दूध दुर्गा पूजा के दौरान चरणामृत बनाने में इस्तेमाल होने और चाय की दुकानों तक पहुंचने की जानकारी सामने आने से हड़कंप मच गया है।

गोरखपुर: गोला थाना क्षेत्र के डाड़ी गांव में रेबीज के लक्षणों से पीड़ित बताई जा रही गाय का दूध दुर्गा पूजा के दौरान चरणामृत बनाने में इस्तेमाल होने और चाय की दुकानों तक पहुंचने की जानकारी सामने आने से हड़कंप मच गया है। 11 अक्टूबर से आयोजित नवदुर्गा पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने चरणामृत ग्रहण किया था। गाय की तबीयत बिगड़ने के बाद संक्रमण की आशंका को लेकर ग्रामीणों में दहशत है। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन अब तक करीब 50 लोगों को एंटी-रेबीज टीका लगाया है।

जानकारी के अनुसार, डाड़ी चौराहे पर नवयुवक मंगल दल दुर्गा पूजा समिति की ओर से मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समिति अध्यक्ष सुधांशु रंजन ने बताया कि पूजा-पाठ के लिए गांव के ज्ञानेंद्र यादव के घर से गाय का दूध आता था। इसी दूध से चरणामृत तैयार कर श्रद्धालुओं को वितरित किया जाता था। इस दौरान डाड़ी और आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने चरणामृत ग्रहण किया। बताया जा रहा है कि गाय का दूध चौराहे की कुछ चाय की दुकानों तक भी पहुंचा था।

गाय ने खाना-पीना छोड़ा, मुंह से गिरने लगी लार

बीते रविवार, 18 अक्टूबर को गाय की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसने खाना-पीना छोड़ दिया और मुंह से लार गिरने लगी। पशुपालक ने निजी पशु चिकित्सक से उपचार कराया। लक्षणों के आधार पर चिकित्सक ने रेबीज की आशंका जताई। इसकी सूचना राजकीय पशु चिकित्सालय, डाड़ी को दी गई। वहां तैनात पशु चिकित्सक डॉ. सिद्दीकी ने भी जांच के बाद लक्षणों को देखते हुए रेबीज की आशंका व्यक्त की। गाय की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एक सप्ताह पहले दूसरी गाय की भी हुई थी मौत

ग्रामीणों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले सुरेंद्र यादव की गाय की भी मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि उस गाय का दूध भी कुछ लोगों के घरों तक पहुंचता था। संबंधित लोगों को भी बचाव के लिए एंटी-रेबीज टीके लगाए गए थे। हालांकि, दोनों मामलों में रेबीज की पुष्टि की स्थिति स्पष्ट नहीं है।

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया टीकाकरण

मंगलवार को पूजा समिति अध्यक्ष सुधांशु रंजन ने सीएचसी गोला को मामले की जानकारी दी। इसके बाद संबंधित लोगों को चिह्नित कर टीकाकरण शुरू किया गया। सीएचसी गोला के चीफ फार्मासिस्ट जेके सिंह ने बताया कि अब तक करीब 50 लोगों को एंटी-रेबीज टीका लगाया जा चुका है। अन्य संबंधित लोगों को भी आवश्यकतानुसार टीके लगाए जाएंगे।

Location :  गोरखपुर

Published :  20 October 2026, 7:11 PM IST

Advertisement