हिंदी
सोमवार को यूपी के इन 46 जिलों में होगी बारिश (IMG: Dynamite News)
Noida Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। शनिवार और रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बारिश हुई। राजधानी लखनऊ समेत मध्यांचल, अवध क्षेत्र और तराई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और बारिश के चलते लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा।
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश लखीमपुर खीरी में दर्ज की गई। यहां 192.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा हमीरपुर में 158 मिलीमीटर, बहराइच में 114 मिलीमीटर, लखनऊ में 100 मिलीमीटर, बिजनौर में 91 मिलीमीटर और श्रावस्ती में 85.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और तेज होने वाली हैं। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा के आसपास बने कम दबाव के कारण यूपी में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 24 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अंबेडकर नगर, अयोध्या, बदायूं, बहराइच, बाराबंकी, बरेली, फतेहपुर, गाजीपुर, गोंडा, हरदोई, जौनपुर, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, पीलीभीत, प्रतापगढ़, रामपुर, संभल, भदोही, शाहजहांपुर, सीतापुर, श्रावस्ती, सुल्तानपुर, वाराणसी और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा 22 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें अमेठी, अमरोहा, आजमगढ़, बलिया, बलरामपुर, बस्ती, बिजनौर, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कौशांबी, लखनऊ, मऊ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, प्रयागराज, रायबरेली, सहारनपुर, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र और उन्नाव शामिल हैं।
मौसम विभाग ने बारिश के साथ-साथ प्रदेश के 56 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की आशंका भी जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
Location : Noida
Published : 16 August 2026, 8:36 PM IST