‘युवाओं के संवाद से डर गई सरकार’- केपी ट्रस्ट द्वारा बुकिंग कैंसल होने पर भड़की कांग्रेस, सियासी घमासान तेज

प्रयागराज में 8 अगस्त को होने वाले राहुल गांधी के कार्यक्रम को केपी ट्रस्ट ने रद्द कर दिया है। ट्रस्ट ने पढ़ाई और बारिश का हवाला दिया, जबकि कांग्रेस इसे सरकार की साजिश बता रही है। जानिये आखिरकार क्या है पूरा मामला...

Updated : 6 August 2026, 10:14 AM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज में आगामी 8 अगस्त को होने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजनीति गरमा गई है। केपी ट्रस्ट द्वारा मैदान की बुकिंग रद्द किए जाने के बाद सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। ट्रस्ट का कहना है कि यह फैसला प्रशासनिक और शैक्षणिक कारणों से लिया गया है, वहीं कांग्रेस इसे सरकार की बौखलाहट बता रही है।

प्रशासनिक और शैक्षणिक कारणों का हवाला देकर ट्रस्ट ने खींचे हाथ

कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए दी गई अनुमति को आधिकारिक रूप से रद्द कर दिया है। ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेन्द्र नाथ सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

ट्रस्ट की ओर से स्पष्ट किया गया है कि हाईकोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए छात्रों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। ट्रस्ट को यह आशंका थी कि इस बड़े आयोजन से दो विद्यालयों के छात्रों की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। इसके साथ ही, लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान की खराब होती स्थिति और उसे समय पर ठीक करने में आने वाली व्यावहारिक परेशानियों का भी हवाला दिया गया है।

उत्तर प्रदेश की राजनीति को बड़ा झटका, बलिया से बीएसपी विधायक उमाशंकर सिंह का निधन

ट्रस्ट का वैकल्पिक सुझाव और पैसों की वापसी के निर्देश

केपी ट्रस्ट ने इस आयोजन को पूरी तरह से प्रतिबंधित नहीं किया है, बल्कि इसे बारिश का मौसम बीतने के बाद छुट्टियों के दिनों में आयोजित करने का सुझाव दिया है। ट्रस्ट ने अपने अकाउंटेंट को निर्देश दिए हैं कि कांग्रेस पार्टी द्वारा बुकिंग के लिए जमा कराई गई धनराशि को तुरंत चेक के माध्यम से वापस किया जाए। इस आदेश की प्रतियां जिलाधिकारी, महामंत्री कायस्थ पाठशाला, चौधरी नौनीहाल सिंह एकेडमी और संबंधित अकाउंटेंट को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई हैं।

'युवाओं के संवाद से डरी हुई है बीजेपी सरकार'-अजय राय

इस पूरी घटना के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस फैसले को सीधे तौर पर सरकार का षड्यंत्र करार दिया है।

अजय राय का आरोप है कि बीजेपी सरकार राहुल गांधी के युवाओं और छात्रों के साथ होने वाले सीधे संवाद से इतनी डर गई है कि आखिरी वक्त पर कार्यक्रमों की अनुमतियां रद्द कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कोटा और देहरादून की तरह प्रयागराज की पवित्र धरती पर भी युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

खाद माफियाओं पर डीएम का बड़ा प्रहार! 111 दुकानों पर एक साथ छापेमारी, 27 को नोटिस, 2 लाइसेंस निलंबित

नए स्थल पर संवाद की जिद पर अड़ी कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी के कार्यक्रमों के स्थान में बदलाव का यह कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले देहरादून में भी ऐसी ही स्थिति पैदा की गई थी। हालांकि, तमाम बाधाओं के बावजूद कांग्रेस ने अपने रुख में कोई नरमी नहीं दिखाई है।

प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने दो टूक शब्दों में ऐलान किया है कि तमाम बाधाओं के बावजूद निर्धारित कार्यक्रम के तहत शनिवार, 8 तारीख को शाम 5 बजे राहुल गांधी का युवाओं के साथ सीधा संवाद होकर रहेगा। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि युवाओं के भविष्य और न्याय की यह लड़ाई किसी भी कीमत पर रुकने वाली नहीं है।

Location :  Prayagraj

Published :  6 August 2026, 10:08 AM IST

Related News

Advertisement