हिंदी
Raebareli: जिले के बछरावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और एक शिक्षक पर बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने उनकी कार रुकवाकर दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल दोनों अधिकारियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बछरावां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, खीरों ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार मंगलवार को शिक्षक राजेश यादव के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। जब उनकी कार बछरावां थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव के पास पहुंची, तभी कुछ बदमाशों ने रास्ते में वाहन रोक लिया।
आरोप है कि कार रुकवाने के बाद बदमाशों ने खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षक को बाहर निकालकर उनके साथ जमकर मारपीट की। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि कार चालक को बदमाशों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
मारपीट के बाद आरोपी कार की चाबी अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल सीएचसी बछरावां पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बछरावां कोतवाली प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों के साथ मारपीट की गई है, जबकि चालक को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। बदमाश कार की चाबी लेकर फरार हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की जाएगी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि घायल मुकेश कुमार जिले में बीईओ (BEO) से बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) पद पर पदोन्नति पाने वाले पांच अधिकारियों में शामिल हैं। शिक्षा विभाग में उन्हें सख्त और अनुशासित कार्यशैली के लिए भी जाना जाता है। फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की जाएंगी। वहीं घटना के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी चिंता का माहौल है।
Location : Rae Bareli
Published : 30 June 2026, 7:05 PM IST