प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, पार्टनर थाने पहुंचकर बोला- मैंने मारी गोली

प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर अजहरुद्दीन उर्फ बुद्धू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। साझेदारी के विवाद में हुई इस वारदात के बाद आरोपी अरविंद भारतीय साथियों समेत फरार हो गया, लेकिन बाद में थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 May 2026, 7:22 PM IST
google-preferred

Prayagraj : नैनी थाना क्षेत्र में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक प्रॉपर्टी डीलर की उसके ही पार्टनर ने गोली मारकर हत्या कर दी। कारोबारी विवाद में शुरू हुई कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई। कार्यालय के अंदर चली गोली की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हत्या के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ कार से फरार हो गया, लेकिन कुछ देर बाद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

कारोबारी विवाद में चली गोली

जानकारी के मुताबिक नैनी थाना क्षेत्र के महेवा पूरब पट्टी निवासी 36 वर्षीय अजहरुद्दीन उर्फ बुद्धू प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। वह नैनी के रहने वाले अरविंद भारतीय के साथ साझेदारी में कारोबार कर रहा था।

प्रयागराज: गंगा नदी में नहाने गए दो सगे भाई डूबे, तीन घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

रविवार शाम करीब पांच बजे अजहरुद्दीन, अरविंद भारतीय के मडोका रोड स्थित लगन गेस्ट हाउस के पास बने कार्यालय पहुंचा था। बताया जा रहा है कि कारोबार को लेकर दोनों के बीच किसी बात पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक हो गया।

कनपटी पर सटाकर मारी गोली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान अरविंद भारतीय ने अजहरुद्दीन की कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात के समय आरोपी के साथ तीन से चार अन्य लोग भी मौजूद थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी लोग कार से फरार हो गए।

गोली की आवाज से मचा हड़कंप

कार्यालय से गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। अजहरुद्दीन खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

आरोपी ने थाने में किया सरेंडर

हत्या के कुछ देर बाद आरोपी अरविंद भारतीय अपने साथियों के साथ अतरसुइया थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। बताया जा रहा है कि उसने एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वह हत्या की बात स्वीकार करता सुनाई दे रहा है। वीडियो में उसने अपने साथियों के नाम भी बताए हैं और कहा है कि सभी लोग थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर रहे हैं।

 

Location :  Prayagraj

Published :  17 May 2026, 7:22 PM IST

Advertisement