“पुलिस वाले अंकल! मैडम पढ़ाती नहीं, दिनभर फोन चलाती हैं”… थाने में फरियाद लेकर पहुंचा 12 साल का बच्चा

कानपुर देहात में 7वीं कक्षा का 12 वर्षीय छात्र स्कूल में सुनवाई न होने की शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। पुलिस बच्चे को लेकर स्कूल पहुंची तो शिक्षिका के व्यवहार का वीडियो सामने आया। मामले में बीएसए ने प्रधानाध्यापक और शिक्षिका को नोटिस जारी किया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 14 August 2026, 5:14 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: सरकारी स्कूल में पढ़ाई नहीं होने की शिकायत लेकर 12 साल का एक छात्र पुलिस चौकी पहुंच गया। 7वीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे की बात सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। छात्र ने बताया कि स्कूल में उसकी बात नहीं सुनी जाती और पढ़ाई को लेकर भी लापरवाही बरती जा रही है। इसके बाद एक हेड कांस्टेबल बच्चे को लेकर स्कूल पहुंचे, जहां पुलिस के सामने ही छात्र और शिक्षिका के बीच बातचीत हुई। इस दौरान शिक्षिका के व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े हुए। मामले का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

यूनिफॉर्म पहनकर चौकी पहुंचा 12 साल का माधव

पूरा मामला रसधान क्षेत्र के सरकारी कंपोजिट स्कूल का है। यहां पढ़ने वाला 12 वर्षीय माधव 10 अगस्त को स्कूल यूनिफॉर्म में अचानक रसधान पुलिस चौकी पहुंच गया। बच्चे को चौकी में देखकर पुलिसकर्मी हैरान रह गए। जब पुलिसकर्मियों ने उससे चौकी आने की वजह पूछी तो उसने बताया कि वह अपने स्कूल की शिकायत करने आया है। छात्र ने कहा कि स्कूल में कोई उसकी बात नहीं सुनता और वह परेशान हो चुका है। छात्र ने पुलिस को बताया कि जब वह स्कूल से बाहर निकला, तब भी शिक्षिका फोन पर बात कर रही थीं। उन्होंने यह जानने की कोशिश नहीं की कि वह छुट्टी से पहले स्कूल से क्यों जा रहा है।

पुलिस छात्र को लेकर पहुंची स्कूल

बच्चे की शिकायत सुनने के बाद एक हेड कांस्टेबल उसे लेकर स्कूल पहुंचे। वहां उन्होंने शिक्षिका सायमा खां से छात्र की शिकायत के बारे में जानकारी ली। पुलिसकर्मियों ने छात्र से कहा कि वह शिक्षिका के सामने अपनी बात रखे। इसी दौरान छात्र और शिक्षिका के बीच बातचीत शुरू हुई। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया। वीडियो में शिक्षिका छात्र से पूछती हैं कि वह पुलिस के पास क्यों गया। इस पर छात्र कहता है कि उसकी बात स्कूल में नहीं सुनी जाती। इसके बाद शिक्षिका नाराज हो जाती हैं और छात्र को डांटते हुए मारने की बात कहती हैं। पुलिसकर्मियों ने बीच में आकर शिक्षिका को समझाया और इस तरह का व्यवहार नहीं करने की हिदायत दी।

छात्रों की पिटाई की शिकायत लेकर गया था बच्चा

जांच में सामने आया कि छात्र कुछ अन्य बच्चों द्वारा की गई पिटाई की शिकायत लेकर शिक्षिका के पास गया था। लेकिन उस समय शिक्षिका फोन पर बात कर रही थीं और छात्र की शिकायत पर ध्यान नहीं दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने स्कूल पहुंचकर छात्रों और स्टाफ से बातचीत की। उन्होंने जांच रिपोर्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) आशीष पांडेय को सौंपी।

प्रधानाध्यापक और शिक्षिका को नोटिस जारी

बीएसए के निर्देश पर प्रधानाध्यापक अनुपम कुमार और शिक्षिका सायमा खां को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों को बीएसए कार्यालय में जवाब देने के लिए बुलाया गया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट और सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने सरकारी स्कूलों में बच्चों की शिकायत सुनने और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  14 August 2026, 5:14 PM IST

Related News

Advertisement