पुलिस बाहर हूटर बजाती रही, अंदर चोर 10 तोला सोना और 6 लाख लेकर फरार; पढ़ें पूरी खबर

कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक घर से 10 तोला सोना, 6 लाख रुपये नकद और चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना CCTV में कैद हुई है। पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 June 2026, 2:22 PM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र के कटरा घनश्याम इलाके में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हैरानी की बात यह है कि जिस वक्त पुलिस गश्त और हूटर बजा रही थी, उसी दौरान चोर एक घर के अंदर घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार की आंख खुली तो घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली मिली।

कैसे हुई वारदात

घटना कटरा घनश्याम निवासी सुरेंद्र सिंह के घर की है, जहां परिवार के सदस्य रात में अलग-अलग जगह सो रहे थे। बेटे हेमंत ने बताया कि वह और उनके पिता सुरेंद्र सिंह नाइट ड्यूटी पर गए थे, जबकि घर में उनकी मां माया देवी और बहू-भतीजी छत पर सो रही थीं। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर घर में सेंध लगा दी।

कानपुर में भाजपा नेत्री का घर भी सुरक्षित नहीं? गेट फांदकर घुसा चोर; सोते समय बगल से हाईप्रोफाइल चोरी

अलमारी तोड़कर उड़ाया गया सामान

सुबह करीब 5 बजे माया देवी की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि घर के दो कमरों के दरवाजे टूटे हुए हैं। अंदर जाकर देखा तो अलमारियों के लॉक भी टूटे पड़े थे। चोर अलमारी में रखे करीब 10 तोला सोना, आधा किलो चांदी के जेवर और खेत बेचकर रखे गए 6 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो चुके थे।

CCTV में कैद हुए नकाबपोश चोर

घटना के बाद जब परिवार ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें रात करीब 1 बजे तीन नकाबपोश संदिग्ध घर में घुसते हुए दिखाई दिए। फुटेज में पुलिस की गाड़ी और हूटर की आवाज भी सुनाई दे रही है, लेकिन इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

कानपुर में शिलापट पर नाम को लेकर बवाल, सपा विधायक और भाजपा पार्षद आमने-सामने

पुलिस की कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर दीनानाथ मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और चोरों की तलाश जारी है।

Location :  Kanpur

Published :  10 June 2026, 2:22 PM IST

Advertisement