हिंदी
मथुरा-आगरा में आंधी का कहर (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Mathura/Agra: मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और मथुरा व आगरा में तेज धूल भरी आंधी ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। मथुरा में ब्रज-84 कोस परिक्रमा मार्ग पर लगाए गए भंडारों और शिविरों के टेंट उड़ गए, जबकि कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति घंटों बाधित रही। वहीं आगरा में करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण यूनिपोल कार पर गिर गया, कूलर नालों में बह गए और दर्जनों होर्डिंग व पेड़ धराशायी हो गए। हालांकि दोनों जिलों में बड़े हादसे टल गए।
मंगलवार सुबह से मथुरा में तेज धूप रही। दिन का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों में हुई आंधी और बारिश से तापमान में कमी आई थी, लेकिन मंगलवार को फिर से गर्मी का असर देखने को मिला। शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। आंधी के साथ कई स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया।
मथुरा में चली तेज आंधी का सबसे अधिक असर ब्रज-84 कोस परिक्रमा मार्ग पर देखने को मिला। यहां श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए लगाए गए भंडारों तथा शिविरों के टेंट तेज हवाओं के कारण उखड़ गए। कई स्थानों पर पंडाल क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पेड़ और विद्युत खंभे गिरने की घटनाएं सामने आईं। करीब आधे घंटे तक चली आंधी ने अनेक क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित कर दिया।
गिरिराज तलहटी क्षेत्र में आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बच गया। राधाकुंड से गोवर्धन जाने वाले रिंग रोड पर विकास प्राधिकरण का भारी-भरकम सूचना बोर्ड तेज हवा के झोंके से उखड़कर सड़क के बीचों-बीच गिर पड़ा। उस समय सड़क पर वाहनों की आवाजाही कम होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई। बोर्ड गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाकर वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा।
तेज आंधी का असर वृंदावन की विद्युत व्यवस्था पर भी पड़ा। कई स्थानों पर बिजली लाइनों और उपकरणों में फॉल्ट आने से घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। गोपीनाथ बाजार, गौतमपाड़ा, चैतन्य विहार, बुर्जा, रुक्मिणी विहार, रंगजी मंदिर क्षेत्र, ओमेक्स, पुष्पांजलि बैकुंठ और बांकेबिहारी मंदिर मार्ग सहित कई इलाकों में बिजली गुल रही।
बिजली कटौती के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। कई जगह इनवर्टर भी जवाब दे गए, जिससे लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों पर बैठने को मजबूर हो गए। मंदिरों और धर्मस्थलों में ठहरे श्रद्धालुओं को भी बिजली न होने से परेशानी उठानी पड़ी।
विद्युत निगम के अधिकारियों के अनुसार तेज हवाओं के दौरान पेड़ों की डालियां और अन्य वस्तुएं बिजली लाइनों से टकरा गईं, जिससे दर्जनों स्थानों पर तकनीकी खराबियां उत्पन्न हो गईं। फ्यूज उड़ने और लाइनों में फॉल्ट आने से शहर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रही। कर्मचारियों ने देर रात तक मरम्मत कार्य जारी रखा।
उधर आगरा में भी देर शाम मौसम अचानक बदल गया। करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी आंधी ने शहर को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के कारण एक यूनिपोल कार के ऊपर गिर गया, जबकि कई स्थानों पर कूलर उड़कर नालों में जा गिरे। शहर में लगभग 35 स्थानों पर होर्डिंग गिरने और 20 जगहों पर पेड़ टूटकर गिरने की घटनाएं सामने आईं।
मथुरा और आगरा दोनों जिलों में आंधी और हल्की बारिश ने भीषण गर्मी से राहत जरूर दिलाई, लेकिन तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। कई क्षेत्रों में यातायात और बिजली व्यवस्था बाधित हुई। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे प्रशासन और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Location : Mathura/Agra
Published : 10 June 2026, 2:54 PM IST