दिल्ली में कारोबारी ही निकले रंगदारी के मास्टरमाइंड, गैंगस्टर के नाम पर मांगी 3 करोड़ की फिरौती, 2 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने गैंगस्टर काला जठेड़ी के नाम पर एक उद्योगपति से तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आपसी व्यावसायिक विवाद में डराने के लिए अमेरिका से व्हाट्सएप पर धमकी भरे वॉयस मैसेज भिजवाए थे, ताकि पूरा मामला असली गैंगवार जैसा लगे।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 10 June 2026, 2:49 PM IST
google-preferred

New Delhi : दिल्ली में रंगदारी मांगने के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने कुख्यात गैंगस्टर का नाम लेकर एक उद्योगपति से तीन करोड़ रुपये वसूलने की साजिश रची थी। हैरानी की बात यह है कि पूरे खेल को असली गैंगवार जैसा दिखाने के लिए विदेश से कॉल और वॉयस मैसेज तक भेजे गए।

गैंगस्टर के नाम पर रची गई साजिश

उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, मेडिकल उपकरणों के कारोबारी साहिल गर्ग और उसके सहयोगी राजन कालरा ने एक पुराने व्यावसायिक विवाद को लेकर यह पूरा खेल रचा। दोनों ने कथित तौर पर एक कारोबारी पर दबाव बनाने के लिए खुद को काला जठेड़ी गैंग से जुड़ा बताकर करोड़ों रुपये की मांग शुरू कर दी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी मदद से धमकी भरे संदेश और कॉल किए गए थे।

Encounter in Delhi: गैंगस्टर काला जठेड़ी गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, बड़ी साजिश का खुलासा

फोन पर मिली हत्या की धमकी

मामला तब सामने आया जब राणा प्रताप रोड निवासी कारोबारी रोहित जैन ने पुलिस को शिकायत दी कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। कॉल करने वाला खुद को काला जठेड़ी गिरोह का सदस्य बताता था और करोड़ों रुपये की मांग कर रहा था।

धमकी देने वाले ने दावा किया कि वह एक कारोबारी का बकाया पैसा वसूल रहा है और इसके लिए पहले ही भारी रकम ले चुका है। साथ ही चेतावनी दी गई कि मांग पूरी नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

जांच में खुली परत-दर-परत सच्चाई

आदर्श नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। छानबीन में सामने आया कि शिकायतकर्ता और यमुनानगर निवासी साहिल गर्ग के बीच पहले से आर्थिक लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दिशा में जांच बढ़ाई गई तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।

पुलिस को पता चला कि आरोपित लगातार हरियाणा और चंडीगढ़ के अलग-अलग शहरों में अपनी लोकेशन बदल रहे थे। तकनीकी निगरानी और सूचनाओं के आधार पर पहले राजन कालरा और फिर साहिल गर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया।

अमेरिका से भेजे गए डराने वाले मैसेज

पूछताछ में खुलासा हुआ कि राजन का भाई अमेरिका के कैलिफोर्निया में रहता है। आरोपियों ने पहले गैंगस्टर के नाम से वॉयस मैसेज तैयार किए और फिर उन्हें विदेश में मौजूद भाई को भेजा। बाद में उन्हीं संदेशों को अमेरिकी नंबर से कारोबारी तक पहुंचाया गया, ताकि यह लगे कि किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ा अपराधी उसे धमका रहा है।

पुलिस का कहना है कि यह मामला दिखाता है कि निजी विवादों को सुलझाने के लिए अपराधियों की छवि का इस्तेमाल कर डर पैदा करने की कोशिश किस तरह की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।

Location :  New Delhi

Published :  10 June 2026, 2:49 PM IST

Advertisement