हिंदी
लखनऊ में हुआ हंगामा (IMG: Social Media)
Lucknow: लखनऊ में गुडंबा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति को दूसरी महिला के साथ फ्लैट में पकड़ लिया। पति को महिला के साथ देखकर पत्नी का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते फ्लैट के बाहर जमकर हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान पत्नी ने प्रेमिका के साथ मारपीट की और पति को भी जूते से पीट दिया। घटना का वीडियो अब सामने आया है।
पूरा मामला लखनऊ के गुडंबा इलाके का है। माल विकासखंड की एक ग्राम पंचायत में सचिव पद पर तैनात अल्सफ बेग कुर्सी रोड स्थित सुलभ आवास के एक फ्लैट में मौजूद थे। उनकी पत्नी सबा को जानकारी मिली कि पति एक महिला के साथ फ्लैट में है। इसके बाद सबा मौके पर पहुंच गई। वहां पति को दूसरी महिला के साथ देखकर उन्होंने विरोध किया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने महिला को थप्पड़ मारे और पति की भी पिटाई कर दी।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद यूपी-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को गुडंबा थाने ले गई। गुडंबा इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि पत्नी को सूचना मिली थी कि उसका पति एक फ्लैट में मौजूद है। मौके पर पहुंचने के बाद पति एक महिला के साथ मिला, जिसके बाद विवाद हुआ। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनी और मामले को शांत कराया। पत्नी की शिकायत के बाद पति-पत्नी के विवाद को मेडिएशन के लिए भेजा गया है। वहीं पंचायत सचिव अल्सफ बेग के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
सबा ने पुलिस को दी शिकायत में पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति उनके साथ मारपीट करता रहा है और दूसरी महिलाओं से संबंध रखता है। सबा ने बताया कि उनकी शादी 9 जून 2021 को अल्सफ बेग से हुई थी। दोनों की करीब ढाई साल की एक बेटी भी है। पत्नी का आरोप है कि पति बच्ची और उसकी देखभाल नहीं करता और कई बार उसे धमकी भी दे चुका है।
सबा ने आरोप लगाया कि उनका पति शराब और ड्रग्स का सेवन करता है। नशे की हालत में वह पत्नी और बच्ची के साथ मारपीट करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति सरकारी नौकरी का रौब दिखाकर उन्हें डराता है और घर से निकालने की धमकी देता है। पत्नी का कहना है कि कई बार दोनों के बीच थाने में समझौता भी कराया गया, लेकिन पति के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया।
सबा ने अपने पति पर दूसरी महिलाओं से संबंध रखने के साथ-साथ गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने पति पर सेक्स रैकेट चलाने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 15 अगस्त की है। सबा ने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने कुर्सी रोड स्थित सुलभ आवास के ब्लॉक-बी में पति को एक महिला के साथ पकड़ा था। इसके बाद मौके पर विवाद हुआ और पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
Location : Lucknow
Published : 18 August 2026, 4:20 PM IST